दमकल कर्मियों ने रातभर मोर्चा संभालकर आग को अन्य मकानों तक फैलने से रोका; कोई जानी नुकसान नहीं
शिमला। जुब्बल क्षेत्र के धार गांव में वीरवार देर रात भीषण अग्निकांड ने पांच परिवारों से उनके आशियाने छीन लिए। आग इतनी विकराल थी कि देखते ही देखते पांच रिहायशी मकान पूरी तरह जलकर राख हो गए। हालांकि, राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी व्यक्ति के हताहत या घायल होने की सूचना नहीं है। अग्निकांड के बाद प्रभावित परिवारों के सामने रहने और जीवन को दोबारा पटरी पर लाने की बड़ी चुनौती खड़ी हो गई है।
जानकारी के अनुसार, रात करीब 11:20 बजे जुब्बल अग्निशमन केंद्र को धार गांव में आग लगने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही दमकल कर्मी तुरंत मौके के लिए रवाना हुए। आग की भयावहता को देखते हुए रोहड़ू, कोटखाई और टिक्कर से भी दमकल वाहनों को मौके पर बुलाया गया। स्थानीय पुलिस के साथ ग्रामीणों ने भी आग पर काबू पाने के लिए दमकल विभाग के कर्मचारियों का सहयोग किया।
आग ने देखते ही देखते पांच मकानों को अपनी चपेट में ले लिया। दमकल कर्मियों ने आग पर नियंत्रण पाने और इसे गांव के अन्य मकानों तक फैलने से रोकने के लिए रातभर कड़ी मशक्कत की। सुबह तक दमकल कर्मी मौके पर डटे रहे और आसपास के क्षेत्रों में आग के फैलने की आशंका को देखते हुए लगातार निगरानी करते रहे। अग्निशमन विभाग के अनुसार, अग्निकांड में संपत्ति को भारी नुकसान हुआ है। नुकसान का विस्तृत आकलन किया जा रहा है।
इस अग्निकांड में नानक चंद चौहान, हरनाम सिंह धाल्टा, नरेंद्र सिंह धाल्टा, गिंदा देवी और अनिल धान्टा के परिवार प्रभावित हुए हैं। पांचों परिवारों के रिहायशी मकान आग की चपेट में आने से पूरी तरह जल गए, जिससे उनके रहने की व्यवस्था प्रभावित हुई है।
जुब्बल थाना प्रभारी के अनुसार, अग्निकांड में किसी प्रकार का जानी नुकसान नहीं हुआ है। आग लगने के वास्तविक कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।
रोहित ठाकुर ने जताया गहरा दुख
शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने धार गांव में हुए भीषण अग्निकांड पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदनाएं प्रकट करते हुए कहा कि जीवनभर की मेहनत से बनाए आशियाने का आग की भेंट चढ़ जाना बेहद पीड़ादायक है।
उन्होंने कहा कि संकट की इस घड़ी में प्रभावित परिवार खुद को अकेला न समझें। प्रदेश सरकार और प्रशासन उनके साथ खड़े हैं। रोहित ठाकुर ने कहा कि अग्निकांड में हुए नुकसान को देखते हुए प्रभावित परिवारों को सरकार की ओर से हरसंभव सहायता उपलब्ध करवाने के प्रयास किए जाएंगे। साथ ही, आपदा राहत नियमावली के तहत राहत का मामला मुख्यमंत्री के समक्ष उठाया जाएगा।
मंत्री ने प्रशासन को प्रभावित परिवारों को तत्काल फौरी राहत उपलब्ध करवाने, नुकसान का जल्द आकलन करने तथा आवश्यक औपचारिकताएं शीघ्र पूरी करने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन की ओर से प्रभावित परिवारों के रहने सहित अन्य जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें