मुकेश अग्निहोत्री ने कहा, गांधी और शास्त्री ने देश को सादगी, ईमानदारी और राष्ट्रसेवा का मार्ग दिखाया


शिमला: राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर शिमला में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने दोनों महान विभूतियों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके देश के प्रति योगदान को याद किया।

मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि आज पूरा राष्ट्र महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री को याद कर रहा है। शिमला में सबसे पहले महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए गए, इसके बाद लाल बहादुर शास्त्री की प्रतिमा के पास कार्यक्रम आयोजित किया गया।

उन्होंने कहा कि दोनों विभूतियों का देश की आजादी से लेकर राष्ट्र को आगे बढ़ाने तक बहुत बड़ा योगदान रहा है। महात्मा गांधी ने सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलते हुए देश की आजादी की लड़ाई को एक अलग स्वरूप दिया और पूरी दुनिया के सामने भारत के संघर्ष को रखा। आज जब देश स्वतंत्र वातावरण में सांस ले रहा है और एक राष्ट्र के रूप में आगे बढ़ रहा है, ऐसे में महात्मा गांधी के योगदान को याद करना और उन्हें श्रद्धांजलि देना महत्वपूर्ण है।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि लाल बहादुर शास्त्री ने भी प्रधानमंत्री के रूप में अल्प अवधि में देश का नेतृत्व किया और भारत को आत्मनिर्भरता के मार्ग पर आगे बढ़ाने के लिए महत्वपूर्ण कार्य किए। उन्होंने कहा कि गांधी और शास्त्री दोनों ही सादगी और ईमानदारी की प्रतिमूर्ति रहे तथा उन्होंने देश को राष्ट्रसेवा का मार्ग दिखाया।


महात्मा गांधी की विचारधारा का उल्लेख करते हुए मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि गांधी जी के पास सब कुछ होते हुए भी उन्होंने सादगी का रास्ता अपनाया और देश को सर्वोपरि मानते हुए आजादी की लड़ाई लड़ी। उन्होंने कहा कि गांधी जी पर हमला करने वाली ताकतें उनकी विचारधारा और उनके योगदान को समाप्त नहीं कर सकीं।

उन्होंने कहा कि आज भारत ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया में महात्मा गांधी का सम्मान किया जाता है और उनकी चर्चा होती है। गांधी जी की हस्ती और उनकी मान्यताओं को कोई मिटा नहीं सकता। उनकी विचारधारा से लड़ने के लिए देश हमेशा संकल्पबद्ध रहेगा।

टिप्पणियाँ