मुख्यमंत्री दिल्ली 19 सितंबर को गुरुद्वारा ज्योति स्वरूप में माथा टेकने के बाद यात्रा को करेंगी रवाना


चंडीगढ़, 11 सितंबर: भारतीय जनता पार्टी पंजाब द्वारा “भाजपा का नारा, नशा मिटाना सारा” के नारे के तहत निकाली जा रही चार यात्राओं में से दूसरी यात्रा का आगाज 19 सितंबर को फतेहगढ़ साहिब से होगा। भारतीय जनता पार्टी पंजाब के महासचिव एवं नशा मुक्त पंजाब यात्रा के प्रदेश संयोजक राजेश बाघा ने बताया कि दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता फतेहगढ़ साहिब से इस यात्रा को रवाना करेंगी।


बाघा ने बताया कि रेखा गुप्ता सबसे पहले गुरुद्वारा श्री ज्योति स्वरूप साहिब में नतमस्तक होंगी और छोटे साहिबजादों बाबा जोरावर सिंह तथा बाबा फतेह सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद स्थानीय दाना मंडी में आयोजित जनसभा को संबोधित करेंगी। इसके बाद वह यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगी।


बाघा ने कहा कि यह यात्रा आज पंजाब के सामने खड़ी तीन बड़ी चुनौतियों—बढ़ता नशा, बिगड़ती कानून- व्यवस्था और तहसील तथा थाने से लेकर मुख्यमंत्री कार्यालय तक शासन के हर स्तर पर फैले भ्रष्टाचार—पर केंद्रित होगी।


बाघा ने कहा कि यह केवल नशे के खिलाफ जागरूकता पैदा करने वाली यात्रा नहीं है, बल्कि नशे के कारण पंजाबियत, हमारी सांस्कृतिक मूल्यों, चढ़दी कला और गुरु साहिबानों की धरती की गौरवशाली पहचान के सामने पैदा हुए गंभीर खतरे का मुकाबला करने का प्रयास है।


उन्होंने कहा कि नशे का संकट परिवारों को तोड़ रहा है और खास तौर पर माताओं तथा बहनों को भारी पीड़ा दे रहा है। 


पंजाब के युवा, जो पारंपरिक रूप से सशस्त्र सेनाओं, खेलों और राष्ट्र निर्माण में अपने योगदान के लिए जाने जाते हैं, नशे की लत की ओर धकेले जा रहे हैं। इससे अपराध, हिंसा और गैंग से जुड़ी गतिविधियां बढ़ रही हैं। कानून-व्यवस्था की स्थिति और खराब हो रही है तथा इलाज के लिए कर्ज लेने या अपनी जमीन और संपत्ति बेचने को मजबूर परिवारों पर भारी आर्थिक बोझ पड़ रहा है।


➖दूसरी यात्रा का रूट

दूसरी यात्रा फतेहगढ़ साहिब से शुरू होकर समराला, पायल, खन्ना, अमलोह, बस्सी पठाना, डेराबस्सी, एस.ए.एस. नगर, खरड़, चमकौर साहिब, रोपड़, आनंदपुर साहिब, गढ़शंकर, चब्बेवाल, होशियारपुर, शाम चौरासी, दसूहा, मुकेरियां, उड़मुड़, आदमपुर, बलाचौर, नवांशहर, बंगा और फगवाड़ा विधानसभा क्षेत्रों से होकर गुजरेगी और जालंधर में संपन्न होगी।

टिप्पणियाँ