चलती रोडवेज बस में फोन पर बात करता रहा ड्राइवर:60 सवारियों की जान से खिलवाड़, असंध से करनाल आ रही थी; नोटिस जारी

हरियाणा रोडवेज की बस चलाते समय ड्राइवर के मोबाइल फोन पर बात करने का वीडियो सामने आया है। वीडियो में ड्राइवर बस चलाते हुए फोन पर बातचीत करता दिखाई दे रहा है। इस दौरान वह बस को ओवरटेक भी करता है। बताया गया कि बस में करीब 60 यात्री सवार थे।


एक यात्री ने ड्राइवर की लापरवाही का वीडियो बना लिया और सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया। वीडियो करनाल रोडवेज डिपो के अधिकारियों तक पहुंचने के बाद कार्रवाई की गई।

वायरल वीडियो में हरियाणा रोडवेज की बस का ड्राइवर फोन पर बात करते हुए बस चलाता नजर आ रहा है। आरोप है कि वह करीब 10 मिनट तक मोबाइल पर बातचीत करता रहा। इसी दौरान बस को ओवरटेक भी किया गया। बस में करीब 60 सवारियां मौजूद थीं।


यात्री ने मोबाइल से पूरी घटना का वीडियो रिकॉर्ड कर लिया और उसे सोशल मीडिया पर डाल दिया। इसके बाद वीडियो वायरल हो गया।


करनाल आ रही थी असंध सब डिपो की बस


वीडियो करनाल रोडवेज डिपो के महाप्रबंधक कुलदीप सिंह तक भी पहुंचा। उन्होंने मामले को गंभीरता से लेते हुए तुरंत वीडियो में दिखाई दे रही बस और ड्राइवर की जानकारी निकलवाई। जांच में सामने आया कि यह असंध सब डिपो की बस थी, जो बाहरी से करनाल की तरफ आ रही थी। बस पर ड्राइवर के तौर पर प्रदीप की ड्यूटी थी।


स्पष्टीकरण के बाद होगा आगामी एक्शन


जीएम कुलदीप सिंह ने बताया कि वीडियो 15 सितंबर की सुबह का ही है और उनके पास भी पहुंचा है। वीडियो में ड्राइवर के मोबाइल फोन पर बात करते हुए बस चलाने की बात सामने आई है। उन्होंने बताया कि ड्राइवर प्रदीप को कारण बताओ नोटिस जारी कर दिया गया है।


ड्राइवर से पूरे मामले में स्पष्टीकरण मांगा गया है। उसका जवाब मिलने के बाद नियमानुसार आगामी कार्रवाई की जाएगी।


ड्राइवरों को लापरवाही न बरतने के निर्देश


रोडवेज अधिकारियों ने घटना के बाद बस ड्राइवरों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल न करें। जीएम ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा सबसे जरूरी है। किसी भी ड्राइवर द्वारा इस तरह की लापरवाही बरती जाती है, तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।


अधिकारियों का कहना है कि ड्राइवर को बस चलाते समय पूरी सावधानी बरतनी चाहिए, ताकि यात्रियों की सुरक्षा से किसी तरह का समझौता न हो।

टिप्पणियाँ