पंजाब को नशा मुक्त करने के लिए भाजपा ने लिया संकल्प, लोगों से अभियान से जुड़ने का आह्वान : केवल सिंह ढिल्लों
चंडीगढ़ :भारतीय जनता पार्टी द्वारा निकाली जा रही ‘नशा मुक्त पंजाब यात्राओं’ की तैयारियों को लेकर पंजाब भाजपा के अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने आज फतेहगढ़ साहिब और तलवंडी साबो में यात्रा से संबंधित व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
फतेहगढ़ साहिब में उनके साथ भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव एवं पंजाब प्रभारी डॉ. सतीश पूनिया भी मौजूद रहे। दोनों नेताओं ने पुरानी दाना मंडी में यात्रा के शुभारंभ से पहले आयोजित होने वाली रैली की तैयारियों का निरीक्षण किया। इसके बाद उन्होंने पार्टी नेताओं एवं कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की।
इसी प्रकार तलवंडी साबो में केवल सिंह ढिल्लों ने दाना मंडी स्थित रैली स्थल का जायजा लिया और पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर यात्रा को लेकर की जा रही व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
इस अवसर पर केवल सिंह ढिल्लों ने कहा कि पंजाब में नशा आज सबसे बड़ी समस्या बन चुका है। आम आदमी पार्टी ने सत्ता में आने से पहले तीन महीने में नशा खत्म करने का दावा किया था, लेकिन इसके विपरीत राज्य में नशे की समस्या और गंभीर हो गई है। उन्होंने कहा कि नशे के बढ़ते प्रसार ने पंजाब की युवा पीढ़ी को बुरी तरह प्रभावित किया है और इसके साथ ही गैंगस्टरवाद तथा कानून-व्यवस्था से जुड़ी चुनौतियां भी बढ़ी हैं।
उन्होंने कहा कि भाजपा ने पंजाब को नशा मुक्त करने का संकल्प लिया है, जिसके तहत राज्य के विभिन्न हिस्सों में चार ‘नशा मुक्त पंजाब यात्राएं’ निकाली जाएंगी। इन यात्राओं के माध्यम से लोगों को इस अभियान से जोड़ा जाएगा और नशे के दुष्प्रभावों के खिलाफ व्यापक जागरूकता पैदा की जाएगी।
केवल सिंह ढिल्लों ने कहा कि ये यात्राएं नशे के खिलाफ एक बड़ा जन आंदोलन खड़ा करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होंगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश को नशा मुक्त करने का संकल्प लिया है और इसी संकल्प को पंजाब में भी मजबूती से आगे बढ़ाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि फतेहगढ़ साहिब में गुरुद्वारा ज्योति स्वरूप साहिब और तलवंडी साबो में तख्त श्री दमदमा साहिब में अरदास करने के बाद इन यात्राओं का शुभारंभ किया जाएगा।
अंत में उन्होंने पंजाब के लोगों से अपील की कि वे नशे के खिलाफ इस अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लें और ‘नशा मुक्त पंजाब’ के संकल्प को साकार करने के लिए भाजपा का साथ दें।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें