शिमला पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 30.35 ग्राम चिट्टा बरामद, अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़, मुख्य आरोपी जसप्रीत सिंह उर्फ जस्सी गिरफ्तार
शिमला/बालूगंज, 2 जून : शिमला पुलिस द्वारा मादक पदार्थ तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना बालूगंज में दर्ज अभियोग संख्या 97/2026 (धारा 21 एवं 29 एनडीपीएस एक्ट) की जांच में एक बड़ी सफलता प्राप्त हुई है। इस मामले में पुलिस ने अंतरराज्यीय ड्रग नेटवर्क का खुलासा करते हुए कई महत्वपूर्ण गिरफ्तारियां और बरामदगियां की हैं।
दिनांक 22 मई 2026 को पुलिस थाना बालूगंज की टीम ने कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों के कब्जे से कुल 30.35 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया था। गिरफ्तार आरोपियों में गुरप्रीत सिंह पुत्र अमरजीत सिंह (निवासी सुखानंद, मोगा, पंजाब, उम्र 28 वर्ष), संदीप पुत्र सुखपाल सिंह (निवासी तुंगवाली, भठिंडा, पंजाब, उम्र 32 वर्ष), लखवीर सिंह उर्फ गग्गू पुत्र परमजीत सिंह (निवासी समालसर, मोगा, पंजाब, उम्र 25 वर्ष) तथा केवल सिंह उर्फ गगन पुत्र हंसराज सिंह (निवासी समालसर, मोगा, पंजाब, उम्र 25 वर्ष) शामिल हैं।
मामले की गहन जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी और डिजिटल साक्ष्यों का विस्तृत विश्लेषण किया, जिसमें बैंक खातों के लेन-देन, कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) तथा व्हाट्सएप चैट्स की जांच प्रमुख रूप से शामिल रही। जांच में यह तथ्य सामने आया कि यह गिरोह लंबे समय से चिट्टे की तस्करी में सक्रिय था और इसका सीधा संबंध चंडीगढ़ निवासी जसप्रीत सिंह उर्फ जस्सी से जुड़ा हुआ था।
अन्वेषण में यह भी स्पष्ट हुआ कि जसप्रीत सिंह तस्करों को मादक पदार्थों की बिक्री पर कमीशन देता था तथा अधिकांश लेन-देन नकद माध्यम से किए जाते थे। बैंक खातों की जांच में आरोपी संदीप और जसप्रीत सिंह के बीच वित्तीय लेन-देन के ठोस प्रमाण भी प्राप्त हुए हैं, जिससे इस नेटवर्क की कड़ियां और मजबूत हुईं।
इसी क्रम में पुलिस ने कार्रवाई को आगे बढ़ाते हुए 02 जून 2026 को जसप्रीत सिंह उर्फ जस्सी (उम्र 36 वर्ष), निवासी हरियाना, जिला होशियारपुर, पंजाब को गिरफ्तार कर पुलिस रिमांड पर लिया है। जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी जसप्रीत सिंह पहले भी एनडीपीएस मामलों में संलिप्त रहा है।
उसके विरुद्ध पूर्व में दो मामले दर्ज पाए गए हैं—
पहला, वर्ष 2024 में पुलिस थाना पश्चिम शिमला में 13.55 ग्राम चिट्टा बरामदगी का मामला तथा दूसरा, वर्ष 2021 में जिला होशियारपुर, पंजाब में बुप्रेनॉर्फिन (नशीली दवा) की बरामदगी से संबंधित मामला।
पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई अंतरराज्यीय मादक पदार्थ तस्करी नेटवर्क को तोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। मामले की जांच अभी जारी है और इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य व्यक्तियों की पहचान कर उनके विरुद्ध भी कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Comments
Post a Comment