"BJP नेता खेल छोड़कर राजनीति करें, मैं राजनीति छोड़कर खेल में लौट जाऊंगी" : विनेश फोगाट

जींद : जुलाना से कांग्रेस विधायक और अंतरराष्ट्रीय पहलवान Vinesh Phogat ने भारतीय कुश्ती महासंघ के अध्यक्ष Sanjay Singh को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि बीजेपी से जुड़े लोगों को भी खेल छोड़कर राजनीति में आ जाना चाहिए। जिस दिन राजनीति करने वाले लोग खेलों से दूर हो जाएंगे, उसी दिन वह भी राजनीति छोड़कर दोबारा खेल के मैदान में लौट जाएंगी।


विनेश फोगाट ने कहा कि संजय सिंह द्वारा अनुशासनहीनता को लेकर दिए जा रहे बयानों पर वह प्रतिक्रिया देना उचित नहीं समझतीं। उन्होंने कहा कि वह मैदान छोड़कर भागने वालों में से नहीं हैं, बल्कि डटकर लड़ने वालों में शामिल हैं। उन्होंने कहा कि कई लोग चाहते हैं कि वह विधायक पद से इस्तीफा दे दें, लेकिन वह इस्तीफा नहीं देंगी और समाज तथा लोगों की आवाज उठाने के लिए संघर्ष जारी रखेंगी।
जातिगत राजनीति के सवाल पर विनेश फोगाट ने कहा कि कोई भी खिलाड़ी किसी जाति का नहीं बल्कि पूरे देश का होता है। हर खिलाड़ी तिरंगे के लिए खेलता है और देश का सम्मान बढ़ाने के लिए संघर्ष करता है। उन्होंने मीडिया से भी अपील की कि खिलाड़ियों को जाति के नजरिए से देखने या ऐसे मुद्दों को बढ़ावा देने से बचा जाए।
महंगाई के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि पूरे देश में महंगाई लगातार बढ़ रही है। गैस सिलेंडर के दाम भी बढ़ रहे हैं और आने वाले समय में और बढ़ोतरी की संभावना है। उन्होंने कहा कि कई बार उन्हें भी समय पर गैस सिलेंडर उपलब्ध नहीं हो पाता।
राजनीतिक गठबंधन और किसान-मजदूरों के मुद्दों पर बोलते हुए विनेश फोगाट ने कहा कि जो भी पार्टी किसान और मजदूर की आवाज उठाएगी, वह उसके साथ खड़ी होंगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनता के मुद्दों को उठा रही है और शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग भी कर रही है। उन्होंने दोहराया कि वह संघर्ष करने वालों में हैं, पीछे हटने वालों में नहीं।
विधायक विनेश फोगाट आज अपने विधानसभा क्षेत्र जुलाना के रेस्ट हाउस पहुंची थीं, जहां उन्होंने कार्यकर्ताओं के साथ SIR मुद्दे पर चर्चा की।

Comments