चंडीगढ़ में कांग्रेस को बड़ा झटका, कई वरिष्ठ नेता आप में शामिल; जरनैल सिंह ने कराया पार्टी में स्वागत
पूर्व महिला कांग्रेस अध्यक्ष दीपा अशधीर दुबे सहित महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस और ब्लॉक स्तर के कई पदाधिकारियों ने थामा आम आदमी पार्टी का दामन
*चंडीगढ़, 22 अक्टूबर 2026:* आगामी नगर निगम चुनावों से पहले चंडीगढ़ में आम आदमी पार्टी (आप) को बड़ी मजबूती मिली है। कांग्रेस से जुड़े कई वरिष्ठ नेताओं और पदाधिकारियों ने पार्टी छोड़कर आम आदमी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। आप के चंडीगढ़ प्रभारी जरनैल सिंह ने सभी नए साथियों को पार्टी में शामिल कराया और उनका स्वागत किया। पार्टी नेताओं ने कहा कि नए साथियों के जुड़ने से चंडीगढ़ में आप का संगठन और मजबूत होगा तथा नगर निगम चुनावों में पार्टी के अभियान को नई गति मिलेगी।पार्टी में शामिल होने वालों में पूर्व महिला कांग्रेस अध्यक्ष दीपा अशधीर दुबे, प्रदेश सचिव साहिल दुबे, युवा कांग्रेस महासचिव माधवी दुबे, वार्ड नंबर 13 के ब्लॉक अध्यक्ष उमेश सेठी, वार्ड नंबर 13 की महिला कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष अंजू सेठी और वार्ड नंबर 12 के उपाध्यक्ष गुरु लाल प्रमुख हैं। इसके अलावा वार्ड नंबर 10 से तरसेम मित्तल ने मोहम्मद विशाल, भीमा और मनजीत मलिक को आम आदमी पार्टी में शामिल कराया।
आप में शामिल होने के बाद दीपा अशधीर दुबे ने कहा, "आम आदमी पार्टी की नीतियों और अरविंद केजरीवाल जी व भगवंत मान जी के नेतृत्व में पंजाब में जनहित के जो काम हो रहे हैं, उनसे मैं बहुत प्रभावित हूं। मुख्यमंत्री मावां धीयां सत्कार योजना, हेल्थ कार्ड योजना और मुफ्त बिजली जैसी योजनाओं ने आम लोगों के जीवन में सीधा बदलाव लाया है। इसी काम की राजनीति से प्रभावित होकर मैं आम आदमी पार्टी में शामिल हो रही हूं। मैं पूरी निष्ठा के साथ पार्टी को मजबूत करने और चंडीगढ़ के लोगों तक इन नीतियों का संदेश पहुंचाने का काम करूंगी।"
इस अवसर पर आप के महासचिव ओंकार सिंह औलख ने कहा कि पार्टी का संगठन जनता के बीच लगातार मजबूत हो रहा है। विभिन्न राजनीतिक पृष्ठभूमियों से आए लोगों का आप से जुड़ना पार्टी की जनहितकारी राजनीति में उनके विश्वास को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि नए साथी अपने अनुभव और जनसंपर्क के माध्यम से पार्टी को मजबूत करने और जनता के मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाने में अहम भूमिका निभाएंगे।
कार्यक्रम में आप चंडीगढ़ के अध्यक्ष विजयपाल सिंह, कोर कमेटी चेयरमैन प्रेम गर्ग, नेता प्रतिपक्ष हरदीप सिंह बुटेरला, मुख्य प्रवक्ता योगेश ढींगरा, पूर्व महापौर कुलदीप धलोर, चंडीगढ़ ऑब्जर्वर विनीत वर्मा, पी.पी. घई, कोषाध्यक्ष जे.डी. घई, स्टेट मीडिया इंचार्ज विक्रांत ए. तंवर, एससी विंग अध्यक्ष देशराज सनावर, अल्पसंख्यक विंग अध्यक्ष शादाब राठी, महिला विंग अध्यक्ष सुखराज कौर संधू, युवा अध्यक्ष देवक सोनी, युवा विंग के कार्यकारी अध्यक्ष पुनीत छाबड़ा, धीरज, सनी बैरवा, तरसेम मित्तल और सुखराज संधू सहित पार्टी के अनेक नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
आप नेताओं ने कहा कि चंडीगढ़ के लोगों को बेहतर नागरिक सुविधाएं, पारदर्शी प्रशासन, अच्छी शिक्षा, सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं और जनहित को प्राथमिकता देने वाली राजनीति देना पार्टी की प्रमुख प्राथमिकता है। आगामी नगर निगम चुनावों को देखते हुए पार्टी सभी वार्डों में संगठन को मजबूत करने और स्थानीय स्तर पर जनसंपर्क बढ़ाने पर काम कर रही है।
चुनाव से पहले कांग्रेस की महिला इकाई, युवा कांग्रेस और ब्लॉक स्तर के पदाधिकारियों का aap में शामिल होना चंडीगढ़ की राजनीति में एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम माना जा रहा है। पार्टी को उम्मीद है कि नए साथियों का अनुभव, स्थानीय संपर्क और सक्रिय भागीदारी आगामी चुनावी अभियान को और प्रभावी बनाएगी।


टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें