अब गुरु दर्शन, कैलाश मानसरोवर और सिंधु दर्शन यात्रा के लिए दोगुने श्रद्धालुओं को मिलेगी आर्थिक सहायता: मुख्यमंत्री
चंडीगढ़, 22 अक्तूबर। हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हरियाणा सरकार द्वारा अब स्वर्ण जयंती गुरु दर्शन यात्रा, कैलाश मानसरोवर यात्रा तथा सिंधु दर्शन यात्रा के लिए 100-100 श्रद्धालुओं को आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी। अब तक इन तीनों यात्राओं के तहत प्रति वर्ष 50-50 श्रद्धालुओं को आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है। इसके साथ ही इन यात्राओं के लिए लाभार्थियों का पंजीकरण अब पोर्टल पर ऑनलाइन माध्यम से किया जाए।
मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने यह निर्देश बृहस्पतिवार को हरियाणा सिविल सचिवालय में हरियाणा विजन-2047 के अंतर्गत पर्यटन विभाग की अगले 5 वर्षों की कार्ययोजना की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए दिए। उन्होंने पर्यटन विभाग की कार्यप्रणाली में और अधिक सुधार करने तथा हरियाणा को टूरिज्म हब बनाने के संबंध में अधिकारियों को व्यापक दिशा-निर्देश दिए।
पर्यटन विभाग के आयुक्त एवं सचिव डॉ. अमित अग्रवाल ने बताया कि हरियाणा सरकार द्वारा स्वर्ण जयंती गुरु दर्शन यात्रा के लिए प्रति श्रद्धालु 20 हजार रुपये, कैलाश मानसरोवर यात्रा के लिए प्रति श्रद्धालु 50 हजार रुपये तथा सिंधु दर्शन यात्रा के लिए प्रति श्रद्धालु 20 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है। इन तीनों यात्राओं के तहत प्रति वर्ष 50-50 श्रद्धालुओं को आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है। मुख्यमंत्री ने इन तीनों यात्राओं के लिए प्रति वर्ष श्रद्धालुओं की संख्या 50-50 से बढ़ाकर 100-100 करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं के पंजीकरण के लिए ऑनलाइन पोर्टल बनाया जाए और इसी के माध्यम से उनका पंजीकरण किया जाए और पंजीकृत श्रद्धालुओं को ही आर्थिक सहायता का लाभ दिया जाए।
डॉ. अमित अग्रवाल ने बताया कि हरियाणा में वर्तमान में पर्यटन विभाग के पास 42 पर्यटन परिसर, 21 बैंक्वेट एवं कन्वेंशन हॉल, 35 कॉन्फ्रेंस हॉल, 842 वातानुकूलित कमरे, 8 डॉरमेट्री, 243 दुकानें तथा 1,192 एकड़ भूमि का पर्यटन संबंधी आधार उपलब्ध है। प्रदेश में होटल प्रबंधन के पांच संस्थान तथा 15 पेट्रोल पंप भी संचालित किए जा रहे हैं।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें