कांग्रेस सरकार के 3 साल पूरे होने पर 4 दिसंबर को धर्मशाला में होगा भाजपा का विशाल प्रदर्शन: संजीव कटवाल

 कांग्रेस की निकम्मी सरकार के खिलाफ सड़कों पर उतरेगी भाजपा, हजारों कार्यकर्ता देंगे घेराव: संजीव कटवाल

ज्वालामुखी: भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री संजीव कटवाल ने अग्रवाल धर्मशाला, ज्वालामुखी में व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए कहा कि हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार के तीन वर्ष पूरे होने पर उसके कुशासन, विफल नीतियों और जनविरोधी फैसलों के खिलाफ भारतीय जनता पार्टी 4 दिसंबर 2025 को धर्मशाला के जोरावर स्टेडियम में एक विशाल प्रदर्शन आयोजित करने जा रही है।



उन्होंने बताया कि यह प्रदर्शन भाजपा प्रदेश प्रभारी श्रीकांत शर्मा, सह प्रभारी संजय टंडन, प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल तथा नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर के नेतृत्व में किया जाएगा। इस प्रदर्शन में प्रदेश भर से सैकड़ों गाड़ियों में हजारों की संख्या में कार्यकर्ता धर्मशाला पहुंचेंगे और विधानसभा सत्र के दौरान कांग्रेस सरकार का घेराव करेंगे।


संजीव कटवाल ने कहा कि वर्तमान कांग्रेस सरकार अब तक की सबसे निकम्मी, दिशाहीन और भ्रष्ट सरकार साबित हुई है। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री स्व. वीरभद्र सिंह के उस बयान को भी याद दिलाया जिसमें उन्होंने कहा था कि “अगर सत्ता सुखविंदर सिंह सुक्खू के हाथ में जाएगी तो प्रदेश में अंधकार फैल जाएगा।” आज वही अंधकार पूरे हिमाचल में साफ दिखाई दे रहा है।


उन्होंने आरोप लगाया कि देहरा उपचुनाव में आचार संहिता का खुलेआम उल्लंघन किया गया तथा मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी को जिताने के लिए महिला मंडलों को ₹50-50 हजार रुपये बांटे गए, जो लोकतंत्र का घोर अपमान है।


कटवाल ने कहा कि कांग्रेस सरकार की लीकर पॉलिसी पूरी तरह विफल रही है, जिससे सरकार को करोड़ों रुपये का घाटा हुआ है। हजारों करोड़ रुपये के विकास प्रोजेक्ट ठंडे बस्ते में चले गए हैं, विकास रुक गया है और जनता पूरी तरह निराश है।


उन्होंने कहा कि प्रदेश पर 40 हजार करोड़ रुपये से अधिक का ऋण चढ़ चुका है और सरकार ने हर हिमाचली को कर्जदार बना दिया है। इसके अलावा हजारों सेब के पेड़ काटे गए, लेकिन कांग्रेस सरकार बागवानों के हितों की मजबूती से रक्षा करने में पूरी तरह नाकाम रही है।


संजीव कटवाल ने कहा कि भाजपा इस जनविरोधी सरकार की नाकामियों को जनता के बीच ले जाकर पोल खोलेगी और धर्मशाला में होने वाला यह विशाल प्रदर्शन कांग्रेस सरकार के खिलाफ जनआक्रोश का प्रतीक बनेगा।


इस अवसर पर प्रदेश मीडिया संयोजक कर्ण नंदा, सह मीडिया संयोजक प्यार सिंह कंवर, अभिषेक पा, हुकुम सिंह बैंस, अनुज शर्मा, विजय मेहता, विट्ठल प्रधान उपस्थित रहें।

Comments