सरकार मेरिट के आधार पर बिना खर्ची और बिना पर्ची के दे रही प्रदेश में रोजगार: महिपाल ढांडा
बैठक में रखे गए कुल 14 परिवादों में से नौ का किया मौके पर ही समाधान
चंडीगढ़, 05 दिसंबर— हरियाणा के शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने कहा कि प्रदेश सरकार ने प्रदेश में विकास एवं रोजगार के लिए वातावरण बनाया है। वह समय था जब खर्ची-पर्ची के चलते बच्चों ने पढ़ाना छोड़ दिया था। भाजपा सरकार ने इस धारणा को तोड़ा है। आज बच्चे पढ़कर रोजगार के क्षेत्र में झंडे गाड़ रहे हैं, इसी तरह खेलों में देश व प्रदेश का नाम रोशन कर रहे हैं।
शिक्षा मंत्री ढांडा शुक्रवार को भिवानी में जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की बैठक में परिवादों की सुनवाई के दौरान पत्रकारों द्वारा पूछे गए सवालों का जवाब दे रहे थे। बैठक में 14 परिवाद रखे गए, जिसमें से 9 का मौके पर ही समाधान किया गया। शेष परिवादों के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के लिए निर्देश दिए गए।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे नागरिकों की शिकायतों का प्राथमिकता के साथ समाधान करें और जिला कष्ट निवारण समिति की बैठक में आने वाले परिवादों पर पूरी गंभीरता से कार्रवाई करें।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि शिक्षा पर पूरा फोकस किया जा रहा है, जिसके परिणाम स्वरूप सरकारी स्कूलों के परीक्षा परिणामों में रिकार्ड सुधार हुआ है। उन्होंने कहा कि स्कूलों के पुराने भवनों को लगभग दुरूस्त कर दिया गया है, बावजूद इसके निर्देश दिए गए हैं कि कोई जर्जर अवस्था मे भवन हैं तो उनकी रिपोर्ट सबमिट करें। स्कूलों में बिजली-पानी, शौचालय जैसी मूलभूत जरूरतों को पूरा किया गया है।
एक सवाल के जवाब में शिक्षा मंत्री ने कहा कि ट्रांसफर पॉलिसी को लेकर सख्त निर्देश दिए गए हैं कि एक अप्रैल तक तबादले कर पोस्टिंग देने की प्रक्रिया पूरी कर ली जाए ताकि आगामी शिक्षा सत्र की पढ़ाई बाधित न हो।
Comments
Post a Comment