पंजाब भाजपा अध्यक्ष सुनील जाखड़ का आरोप — “वोट चोरी का आरोप लगाने वाले खुद चुनाव चोरी की तैयारी में जुटे”

चंडीगढ़:पंजाब भाजपा अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने आम आदमी पार्टी सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि जो लोग केंद्र स्तर पर कांग्रेस के साथ मिलकर ‘वोट चोरी’ का शोर मचा रहे हैं, वे खुद पंजाब में पूरी चुनाव प्रक्रिया को चुराने की कोशिश कर रहे हैं।

सुनील जाखड़ ने एक वायरल ऑडियो का हवाला दिया, जिसमें जिला परिषद और पंचायत समिति चुनावों में कथित तौर पर दबाव और धक्केशाही करने को लेकर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों की टेली-मिटिंग सामने आई है। उन्होंने कहा कि यह ऑडियो पंजाब में लोकतंत्र के क्षरण का बेहद चिंताजनक सबूत है।

उन्होंने मुख्यमंत्री पर भी निशाना साधते हुए कहा कि “पंजाब के कागज़ी मुख्यमंत्री विदेश यात्राओं में व्यस्त हैं, जबकि आम आदमी पार्टी के नेता मनीष सिसोदिया खुलकर ‘साम, दाम, दंड, भेद’ की नीति की बात कर चुके हैं। पंजाब के खजाने की लूट के बाद अब वोटों की लूट की तैयारी भी पूरी कर ली गई है।”

जाखड़ ने कहा कि भाजपा पंजाब में किसी भी तरह की राजनीतिक दबंगई और चुनावी धांधली का मजबूती से विरोध करेगी। उन्होंने चुनाव आयोग और प्रशासन से इस मामले का संज्ञान लेकर निष्पक्ष चुनाव कराने की मांग की।

Comments