श्री कृष्ण आयुष विश्वविद्यालय कुरुक्षेत्र के विद्यार्थियों ने किया नेचर कैम्प थापली का भ्रमण
पंचकूला, 5 दिसम्बर : हरियाणा सरकार द्वारा युवाओं को राज्य की समृद्ध प्राकृतिक धरोहर और संस्कृति से रूबरू करवाने के उद्देश्य से दो दिवसीय विशेष भ्रमण कार्यक्रम के तहत श्री कृष्ण आयुष विश्वविद्यालय, कुरुक्षेत्र के विद्यार्थियों ने आज नेचर कैम्प थापली का भ्रमण किया।
युवा कल्याण समन्वयक नरेंद्र सिंह ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए बताया कि हरियाणा सरकार युवा वर्ग के कल्याण और जागरूकता के लिए निरंतर कार्य कर रही है। इस भ्रमण का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण, जैव विविधता और हमारी सांस्कृतिक विरासत के बारे में प्रत्यक्ष अनुभव उपलब्ध कराना है।
इस अवसर पर रेंज ऑफिसर संजय ने विद्यार्थियों को नेचर कैम्प थापली की संरचना और गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने ट्रैकिंग के दौरान पालन किए जाने वाले नियमों, सुरक्षा उपायों एवं वन विभाग द्वारा की जा रही संरक्षण पहल के बारे में विस्तार से अवगत कराया।
रेंज ऑफिसर संजय ने बताया कि नेचर कैम्प थापली की शुरुआत ईको-टूरिज़्म को बढ़ावा देने के उद्देश्य से की गई है, ताकि युवा प्रकृति के महत्व को समझें, पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक बनें और जंगलों तथा वन्य प्राणियों के संरक्षण से सीधे जुड़े अनुभव प्राप्त कर सकें।
भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने प्राकृतिक सौंदर्य का अनुभव करते हुए पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी और संरक्षण के महत्व को समझा। सभी विद्यार्थियों ने इस यात्रा को ज्ञानवर्धक और प्रेरणादायक बताया।
इस भ्रमण कार्यक्रम में विश्वविद्यालय से डॉ. सुमन, डॉ. सुधीर (फैकल्टी) के रूप मे कोमल, रांची ,नेहा, जिया, अमिषा, विभोर एवं ,साहिल समेत अन्य विद्यार्थि उपस्थित रहे।

Comments
Post a Comment