बिलासपुर: शारदीय नवरात्रों में मां नैना देवी के दरबार में दिल्ली के कारोबारी ने चढ़ाया सोने का सेट

मनोकामना पूरी होने पर माता रानी को भेंट किया सोने का हार, टीका, झुमके, नथ और नेत्र

बिलासपुर: हिमाचल प्रदेश के विश्वविख्यात शक्तिपीठ श्री नैना देवी मंदिर में शारदीय नवरात्रों के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। देश-विदेश से श्रद्धालु माता रानी के दर्शन करने पहुंच रहे हैं और अपनी श्रद्धा के अनुसार चढ़ावा अर्पित कर रहे हैं। इसी कड़ी में दिल्ली के एक कारोबारी ने मनोकामना पूरी होने पर माता के दरबार में सोने के आभूषणों का सेट भेंट किया है।

जानकारी के अनुसार, दिल्ली निवासी कारोबारी प्रवेश गर्ग परिवार सहित मां नैना देवी के दर्शन करने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने माता रानी के चरणों में सोने का हार, टीका, झुमके, नथ और सोने के नेत्र अर्पित किए।

मनोकामना पूरी होने पर अर्पित किए सोने के आभूषण

स्थानीय पुजारी रिंकू शर्मा ने बताया कि दिल्ली के कारोबारी प्रवेश गर्ग की मनोकामना पूरी हुई थी। इसके बाद उन्होंने माता रानी के दरबार में सोने के आभूषणों का पूरा सेट भेंट किया। उन्होंने कहा कि श्रद्धालु अपनी मनोकामनाएं पूरी होने पर अपनी नेक कमाई से माता के चरणों में भेंट अर्पित करते हैं, ताकि माता रानी की कृपा उनके परिवार पर हमेशा बनी रहे।

परिवार सहित किए माता रानी के दर्शन

मंदिर के पूर्व न्यासी राजेश चौधरी ने बताया कि कारोबारी प्रवेश गर्ग ने अपने परिवार के साथ मां नैना देवी के दर्शन किए और माता रानी को सोने के आभूषण अर्पित किए। उन्होंने माता रानी से उनके परिवार पर सदैव कृपा बनाए रखने की कामना की।

शारदीय नवरात्रों के दौरान मां नैना देवी के दरबार में श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ और भक्तों द्वारा अर्पित की जा रही भेंट से मंदिर परिसर में भक्तिमय माहौल बना हुआ है।

टिप्पणियाँ