मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी जापान दौरे पर कल से

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में तेज़ी से आगे बढ़ रहा है, और हरियाणा इस अभियान का अग्रदूत बनकर विकसित भारत, विकसित हरियाणा के लक्ष्य को मजबूत आधार दे रहा है। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी राज्य में विदेशी निवेश को बढ़ावा देने और द्विपक्षीय औद्योगिक संबंधों को एक नई दिशा देने के उद्देश्य से एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल के साथ जापान के दौरे पर रहेंगे। मुख्यमंत्री के 6 से 8 अक्टूबर 2025 तक तीन दिवसीय दौरे का उद्देश्य हरियाणा और जापान के बीच आर्थिक, औद्योगिक और सांस्कृतिक सहयोग को और मजबूत करना है। 

मुख्यमंत्री 6 अक्टूबर की सुबह टोक्यो पहुंचेंगे और अपनी आधिकारिक गतिविधियों की शुरुआत जापान के विदेश मंत्रालय तथा अर्थव्यवस्था, व्यापार एवं उद्योग मंत्रालय में उच्चस्तरीय बैठकों से करेंगे। वे जापान के विदेश राज्य मंत्री  मियाजी ताकुमा और अर्थव्यवस्था, व्यापार एवं उद्योग राज्य मंत्री कोगा यूइचिरो से मुलाकात कर व्यापार, निवेश और तकनीकी सहयोग के नए अवसरों पर चर्चा करेंगे। यह दौरा विकसित भारत - विकसित हरियाणा के संकल्प को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

वहीं, 7 अक्तूबर को मुख्यमंत्री  नायब सिंह सैनी शिंकानसेन में बुलेट ट्रेन के माध्यम से ओसाका पहुंचेंगे, जहां वे वर्ल्ड एक्सपो 2025 में भाग लेंगे। वे हरियाणा स्टेट जोन का उद्घाटन करेंगे और जापान के मेयरों एवं व्यावसायिक नेताओं से मुलाकात करेंगे। शाम को वे ओसाका में आयोजित निवेश रोड शो में भाग लेकर हरियाणा के औद्योगिक इकोसिस्टम को प्रस्तुत करेंगे और जापानी निवेशकों को राज्य में औद्योगिक इकाइयां स्थापित करने के लिए आमंत्रित करेंगे।

8 अक्तूबर को मुख्यमंत्री सुजुकी के उच्च स्तरीय प्रबंधन से मुलाकात करेंगे और उसके बाद ओसाका स्थित कुबोटा संयंत्र का दौरा कर उन्नत विनिर्माण तकनीकों पर चर्चा करेंगे। ओसाका प्रिफेक्चर के गवर्नर के साथ भी बैठक आयोजित की जाएगी।

 


Comments