चंडीगढ़ - देश के प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के सार्वजनिक जीवन एवं जनसेवा के तहत 13 वर्ष गुजरात में बतौर मुख्यमंत्री व 12 साल देश के प्रधानमंत्री के रूप में यानि 25 वर्ष सुशासन करने के उपलक्ष्य में 17 सितम्बर से 17 अक्तूबर 2026 तक देश भर में सेवा संकल्प अभियान चलाया जा रहा है।
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत वीरवार को आयोजित ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम में विभिन्न मंत्रियों , विधायकों सहित अनेक कार्यकर्ताओं ने लाखों दीपक प्रज्वलित कर सेवा, संस्कार, सदभाव और मानवीय संवेदनाओं का संदेश दिया। दीयों की रोशनी से पूरा वातावरण आध्यात्मिक एवं उत्साहपूर्ण नजर आया।
हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री श्री अनिल विज ने अंबाला में पहले अपने निवास स्थान पर और उसके बाद कार्यकर्ताओं के साथ सुभाष पार्क में ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाया। उन्होंने कहा कि जरूरतमंद के चेहरे पर मुस्कान लाना और उसके जीवन में आशा का प्रकाश फैलाना ही सच्ची मानव सेवा है। ‘आशीर्वाद का दिया’ इसी सकारात्मक सोच का प्रतीक है।
हरियाणा के विकास एवं पंचायत मंत्री श्री कृष्ण लाल पंवार ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा के 25 वर्ष के अवसर पर पानीपत जिला के गांव पाथरी में स्थित प्रसिद्ध धार्मिक स्थल शीतला माता मंदिर के प्रांगण में दीया जलाया ।उन्होंने कहा कि मोदी जी के नेतृत्व में विकसित भारत का संकल्प और अधिक मज़बूत हो, यही मंगलकामना है।
उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह ने सेवा संकल्प अभियान के पहले दिन की संध्या के अवसर पर गुरुग्राम के मातृ वन में आशीर्वाद का दीया प्रज्ज्वलित किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण का संकल्प लिया है, जिसे पूरा करने के लिए प्रत्येक नागरिक को सहभागिता करनी होगी।
हरियाणा के शिक्षा मंत्री श्री महीपाल ढांडा ने पानीपत शुगर मिल में सैकड़ों किसान भाइयों के साथ ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाया और कहा कि देश के प्रत्येक नागरिक को प्रधानमंत्री के जीवन से सीख लेनी चाहिए तथा राष्ट्र के प्रति अपने आप को समर्पित रखना चाहिए।
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के मार्गदर्शन में प्रदेशभर में मनाए जा रहे 'आशीर्वाद का दीया' अभियान के तहत महेंद्रगढ़ जिले में जिला स्तरीय मुख्य कार्यक्रम महर्षि च्यवन राजकीय मेडिकल कॉलेज के सभागार में आयोजित हुआ, हरियाणा के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री विपुल गोयल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया और इस अवसर को प्रधानमंत्री के नेतृत्व और सेवा भाव को समर्पित बताया। राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री ने कहा कि यह अवसर राष्ट्र निर्माण में सेवा का संकल्प लेने का है।
सहकारिता मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम में दीप प्रज्ज्वलित किया। इस दौरान उनकी धर्मपत्नी डॉ. रीटा शर्मा भी उनके साथ मौजूद रहीं। कार्यक्रम में भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने बड़ी संख्या में भागीदारी की।
यमुनानगर जिला में कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्री श्याम सिंह राणा सहित अन्य नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने सार्वजनिक स्थलों के साथ-अपने अपने घरों में दीप प्रज्वलित कर समाज में प्रेम, भाईचारे, सहयोग और सकारात्मक सोच को बढ़ावा देने का संकल्प लिया।
सेवा संकल्प अभियान के तहत वीरवार को हिसार के महाराजा अग्रसेन हवाई अड्डा परिसर में जिला स्तरीय आशीर्वाद का दीया कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में हरियाणा के जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी एवं लोकनिर्माण मंत्री रणबीर गंगवा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। श्री गंगवा ने कहा कि प्रधानमंत्री का सार्वजनिक जीवन राष्ट्र सेवा, जनकल्याण और विकास के प्रति समर्पण का उदाहरण है।
नरवाना में आयोजित ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम में सामाजिक न्याय ,अधिकारिता मंत्री श्री कृष्ण कुमार बेदी ने दीप प्रज्ज्वलित किया। उन्होंने कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ समाज के प्रत्येक वर्ग को सेवा कार्यों से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। सेवा केवल किसी व्यक्ति या संस्था की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक का दायित्व है।
सेवा संकल्प अभियान के तहत चल रहे आज के कार्यक्रम "आशीर्वाद का दीया" में महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रुति चौधरी ने अन्य कार्यकर्ताओं के साथ रोहतक में दीपक प्रज्ज्वलित किया। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा जनहित के कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सेवा और सहयोग की भावना को मजबूत करना ही इस अभियान की मूल भावना है।
स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित किए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत रेवाड़ी जिला के माजरा गांव स्थित एम्स में दीपक प्रज्वालित किया। इस अवसर पर अनेक कार्यकर्ता भी उपस्थित थे। आरती सिंह राव ने कहा कि मोदी जी ने जनसेवा और अंत्योदय की भावना के साथ कार्य करने की मिसाल कायम की है।
हरियाणा के खेल राज्य मंत्री श्री गौरव गौतम ने पलवल में केएमपी मार्ग के नजदीक आयोजित ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम में शिरकत की और आम जन को सेवा संकल्प अभियान में बढ़चढ़ कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया।
.jpeg)
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें