2027 में पंजाब और 2029 में केंद्र में कांग्रेस की सरकार बनाना हमारा लक्ष्य: सरदार परगट सिंह


संगरूर: पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सरदार परगट सिंह ने संगरूर की ऐतिहासिक ‘इंसाफ रैली’ को संबोधित करते हुए कहा कि 2027 में पंजाब में कांग्रेस की सरकार बनाना और 2029 में श्री राहुल गांधी को देश का प्रधानमंत्री बनाना हमारा लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि पंजाब की जनता ने पांच साल पहले बदलाव की उम्मीद के साथ आम आदमी पार्टी को सत्ता सौंपी थी, लेकिन आज प्रदेश नशे, गैंगस्टरवाद, बेरोजगारी और बिगड़ती कानून-व्यवस्था की समस्याओं से जूझ रहा है। अब पंजाब को दोबारा विकास, अमन-शांति और खुशहाली के रास्ते पर लाने का समय आ गया है।



किसानों की समस्याओं पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि धान का लगभग 25 प्रतिशत हिस्सा अभी भी मंडियों में पड़ा है और खरीद एजेंसियों द्वारा खरीद बंद किए जाने की शिकायतें सामने आ रही हैं। किसान अपनी फसल बेचने के लिए परेशान हैं, लेकिन सरकार उनकी समस्याओं का समाधान करने में विफल रही है। उन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया की अगुवाई में दिल्ली से पंजाब की राजनीति चलाने की कोशिश की जा रही है। पंजाब की भावनाओं और पंजाबियों की अस्मिता को समझने के बजाय प्रदेश की लीडरशिप दिल्ली के नेताओं के इशारों पर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि पंजाबी डरकर नहीं, बल्कि डटकर अपने अधिकारों के लिए लड़ने वाली कौम हैं।


भगवंत मान सरकार पर निशाना साधते हुए परगट सिंह ने कहा कि सरकार ने अपने हाथों से जो समस्याएं पैदा की हैं, उनका जवाब भी उसे ही देना पड़ेगा। उन्होंने नशे के कारोबार और सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था से जुड़े गंभीर सवालों पर जवाबदेही तय करने की मांग की। कहा कि इसके लिए हेल्थ मिनिस्टर जिम्मेदार हैं। 


केंद्र की भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि पंजाब के साथ सौतेला व्यवहार किया जा रहा है। पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के अंतिम संस्कार के लिए उचित स्थान उपलब्ध न करवाने के विवाद और पूर्व एयर चीफ मार्शल से जुड़े मामले का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि ये घटनाएं केंद्र सरकार की सोच और पंजाब के प्रति उसके रवैये पर गंभीर सवाल खड़े करती हैं। उन्होंने मीडिया की स्वतंत्रता का मुद्दा उठाते हुए कहा कि देश में मीडिया पर दबाव और जनता की आवाज को दबाने की कोशिशें लोकतंत्र के लिए चिंताजनक हैं। उन्होंने पत्रकारों से लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में अपनी जिम्मेदारी निर्भीकता से निभाने की अपील की।


अपने संबोधन के अंत में सरदार परगट सिंह ने कांग्रेस अध्यक्ष श्री मल्लिकार्जुन खड़गे और श्री राहुल गांधी को संबोधित करते हुए कहा कि पंजाब के लोग केवल सम्मान, प्यार और बराबरी का व्यवहार चाहते हैं। अब समय आ गया है कि पंजाब की जनता पिछले पांच वर्षों का हिसाब ले और प्रदेश को फिर से विकास, अमन-शांति और खुशहाली के रास्ते पर लेकर जाए। 2027 में पंजाब में कांग्रेस की सरकार और 2029 में श्री राहुल गांधी को देश का प्रधानमंत्री बनाने का संकल्प इस रैली के माध्यम से और मजबूत हुआ है।


इसी दौरान उन्होंने डीजीपी गौरव यादव को चेतावनी दी कि अगर पुलिस ने कांग्रेस के वर्करों पर बुरी नजर रखी तो उनकी आंख निकाल दी जाएगी। उस आंख को रहने नहीं दिया जाएगा। 



टिप्पणियाँ