चंडीगढ़। हरियाणा के खेल, युवा सशक्तिकरण एवं कानून मंत्री श्री गौरव गौतम ने आज चंडीगढ़ स्थित अपने आवास पर विश्व कुश्ती चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतकर देश और प्रदेश का नाम रोशन करने वाली हरियाणा की बेटी मनीषा भनवाला से मुलाकात की।
इस दौरान श्री गौरव गौतम ने मनीषा भनवाला को उनकी ऐतिहासिक उपलब्धि पर बधाई दी और हरियाणा व भारत का गौरव बढ़ाने के लिए शुभकामनाएं एवं आशीर्वाद दिया।
इस अवसर पर गौरव गौतम ने कहा कि मनीषा भनवाला ने वर्ल्ड रेसलिंग चैंपियनशिप में ऐतिहासिक गोल्ड मेडल जीतकर नया इतिहास रचा है। उनकी इस उपलब्धि से न केवल हरियाणा बल्कि पूरे देश का मान-सम्मान बढ़ा है।
उन्होंने कहा कि मनीषा की सफलता प्रदेश की अन्य बेटियों और युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है। उनकी मेहनत, लगन और खेल के प्रति समर्पण ने यह साबित किया है कि दृढ़ इच्छाशक्ति और कठिन परिश्रम से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।
गौरव गौतम ने मनीषा भनवाला के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उम्मीद जताई कि वह भविष्य में भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश के लिए पदक जीतकर भारत का तिरंगा ऊंचा करती रहेंगी।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें