प्राथमिक प्रशिक्षण केंद्र, भानू में 201 नवप्रशिक्षित हिमवीरों ने लिया राष्ट्रसेवा का संकल्प
पंचकूला- भारत-तिब्बत सीमा पुलिस बल (आईटीबीपी) के प्राथमिक प्रशिक्षण केंद्र, भानू में आज 498वें जीडी बैच का दीक्षांत एवं शपथ ग्रहण समारोह गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। समारोह में श्री राजेश कुमार, आईपीएस, अपर महानिदेशक, पश्चिमी कमान, आईटीबीपी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। समारोह का सफल आयोजन श्री रमा कांत शर्मा, आईजी, बीटीसी के मार्गदर्शन में किया गया। इस अवसर पर श्री वी.वी. नेगी, डीआईजी, बीटीसी ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया।
समारोह के दौरान 498वें बैच के 179 पुरुष एवं 22 महिला प्रशिक्षुओं सहित कुल 201 प्रशिक्षुओं ने 44 सप्ताह का कठिन एवं बहुआयामी बुनियादी प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा करने के उपरांत बल में अपनी सेवाएं समर्पित करने की शपथ ली। समारोह में अधिकारियों, अधीनस्थ अधिकारियों, हिमवीरों, प्रशिक्षुओं के परिजनों तथा अन्य गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति ने आयोजन की गरिमा को और बढ़ाया।
प्रशिक्षण के दौरान प्रशिक्षुओं को शारीरिक एवं मानसिक रूप से सक्षम बनाने के साथ-साथ ड्रिल, मैप रीडिंग, फील्ड क्राफ्ट, बैटल क्राफ्ट, जूडो-कराटे, आंतरिक सुरक्षा तथा हथियार संचालन जैसे महत्वपूर्ण विषयों का प्रशिक्षण दिया गया। इसके अतिरिक्त विभिन्न प्रकार के हल्के, मध्यम एवं भारी हथियारों के संचालन, सटीक निशानेबाजी, शारीरिक सहनशक्ति तथा प्रभावी कार्य निष्पादन पर विशेष बल दिया गया ताकि वे भविष्य में बल की परिचालन संबंधी आवश्यकताओं एवं विभिन्न चुनौतियों का कुशलतापूर्वक सामना कर सकें।
प्रशिक्षुओं के सर्वांगीण व्यक्तित्व विकास के लिए विभिन्न खेलकूद प्रतियोगिताओं, सांस्कृतिक कार्यक्रमों, मानसिक विकास संबंधी गतिविधियों तथा प्रशिक्षण आधारित प्रदर्शनों का भी आयोजन किया गया। प्रशिक्षण अवधि के दौरान उनके प्रदर्शन, कौशल, अनुशासन, शारीरिक क्षमता एवं व्यावसायिक दक्षता का निरंतर मूल्यांकन किया गया। इसके आधार पर विभिन्न श्रेणियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रशिक्षुओं को सम्मानित किया गया।
*विभिन्न श्रेणियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रशिक्षु*
ओवरऑल बेस्ट ट्रॉफी- कॉन्स्टेबल/जीडी विनोद सिहाग, 8वीं वाहिनी, आईटीबीपी।
बेस्ट इन वेपन ट्रॉफी- कॉन्स्टेबल/जीडी नरेश, सीडब्ल्यूएस, आईटीबीपी।
बेस्ट इन फायरिंग ट्रॉफी- कॉन्स्टेबल/जीडी प्रवीण कुमार, 51वीं वाहिनी, आईटीबीपी तथा कॉन्स्टेबल/जीडी सोनू सिंह, नॉर्थ फ्रंटियर, आईटीबीपी।
बेस्ट इन एंड्योरेंस ट्रॉफी- कॉन्स्टेबल/जीडी रमन लाल, 51वीं वाहिनी, आईटीबीपी तथा कॉन्स्टेबल/जीडी नंदिनी, 49वीं वाहिनी, आईटीबीपी।
मुख्य अतिथि ने नवप्रशिक्षित हिमवीरों को प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूर्ण करने पर बधाई दी तथा उनसे बल की गौरवशाली परंपराओं, अनुशासन एवं उच्च व्यावसायिक मानकों को बनाए रखने का आह्वान किया। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सभी नवप्रशिक्षित हिमवीर अपनी भावी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूर्ण निष्ठा, ईमानदारी एवं समर्पण के साथ करते हुए राष्ट्र की सुरक्षा में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।
इस अवसर पर प्रशिक्षुओं के अभिभावकों के योगदान की भी सराहना की गई, जिन्होंने अपने बच्चों को देशसेवा के लिए प्रेरित किया और उन्हें इस प्रतिष्ठित बल का हिस्सा बनने के लिए प्रोत्साहित किया। समारोह के अंत में कार्यालय अध्यक्ष ने मुख्य अतिथि, उपस्थित अधिकारियों, गणमान्य अतिथियों एवं सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापन किया। यह दीक्षांत समारोह न केवल प्रशिक्षण की सफल पूर्णता का प्रतीक बना बल्कि राष्ट्रसेवा, अनुशासन, साहस और कर्तव्यनिष्ठा के प्रति नवप्रशिक्षित हिमवीरों की अटूट प्रतिबद्धता का भी परिचायक रहा।
*****



टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें