चंडीगढ़ पुलिस वीक के तहत महिलाओं को घरेलू हिंसा कानून के प्रति किया जागरूक

सेक्टर-56 में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित, करीब 70 आंगनवाड़ी वर्कर्स और स्थानीय लोगों ने लिया हिस्सा

चंडीगढ़, 4 नवंबर 2026। चंडीगढ़ पुलिस वीक के डायमंड जुबली समारोह (1 से 6 नवंबर) के तहत बुधवार को महिला पुलिस थाना सेक्टर-17 की ओर से सेक्टर-56 स्थित ओल्ड कम्युनिटी सेंटर में महिलाओं को घरेलू हिंसा से संरक्षण संबंधी कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करने के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम का आयोजन श. विजय, DANIPS, एसपी/सिटी, चंडीगढ़ के मार्गदर्शन तथा सुश्री जसविंदर कौर, CPS, डीएसपी/W&CSU और इंस्पेक्टर इरम रिजवी, एसएचओ, महिला पुलिस थाना सेक्टर-17 की देखरेख में किया गया। इस अवसर पर क्षेत्रीय पार्षद श. मनवर सहित करीब 70 आंगनवाड़ी वर्कर्स और आम नागरिकों ने भाग लिया।

कार्यक्रम के दौरान डीएसपी जसविंदर कौर और एसएचओ इंस्पेक्टर इरम रिजवी ने घरेलू हिंसा से महिलाओं का संरक्षण अधिनियम, 2005 तथा भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की धारा 85 के महत्वपूर्ण प्रावधानों की जानकारी दी।

उन्होंने महिलाओं को उनके कानूनी अधिकारों, उपलब्ध सुरक्षा उपायों और घरेलू हिंसा की घटनाओं की समय पर पुलिस को सूचना देने के महत्व के बारे में विस्तार से बताया। साथ ही घरेलू हिंसा की रोकथाम और पीड़ित महिलाओं को सहायता उपलब्ध करवाने में पुलिस एवं अन्य संबंधित एजेंसियों की भूमिका पर भी प्रकाश डाला।

अधिकारियों ने कहा कि महिलाओं को उनके अधिकारों और कानूनी संरक्षण के प्रति जागरूक करना बेहद जरूरी है। इसके लिए समाज के प्रत्येक वर्ग की भागीदारी और सामूहिक जिम्मेदारी महत्वपूर्ण है।

कार्यक्रम का उद्देश्य आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और आम जनता को महिलाओं के कानूनी अधिकारों, सुरक्षा व्यवस्था तथा घरेलू हिंसा से संबंधित कानूनों के प्रति जागरूक करना था।

अंत में सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम का समापन किया गया। इस पहल के माध्यम से चंडीगढ़ पुलिस ने महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

टिप्पणियाँ