राज्य में अब तक 'मेरी फसल मेरा ब्यौरा' पोर्टल' पर पंजीकृत 36980 किसानों से धान की खरीद की गई

चंडीगढ़, 1 अक्टूबर -- हरियाणा में खरीफ खरीद सीजन 2025 - 26 के दौरान किसानों के खातों में अब तक 108.74 करोड़ की अदायगी उनके बैंक खातों में सीधे स्थानांतरित की जा चुकी है। इस तरह सरकार ने किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य का भुगतान सुनिश्चित किया है।

 

'मेरी फसल मेरा ब्यौरा' पोर्टल पर पंजीकृत किसानों से धान की खरीद की जा रही है। राज्य में अब तक 'मेरी फसल मेरा ब्यौरा' पोर्टल' पर पंजीकृत 36980 किसानों से धान की खरीद की गई है।  

 

हरियाणा के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग के एक प्रवक्ता ने आज यहाँ जानकारी देते हुए कहा कि अब तक राज्य भर की मंडियों में कुल 503055. 41 मीट्रिक टन धान की आवक हुई है।

 

विभिन्न जिलों की मंडियों से अब तक 89303.88 मीट्रिक टन धान का उठान हो चुका है। अब तक मंडियों से 377172.02 मीट्रिक टन धान की खरीद की जा चुकी है।

प्रवक्ता ने बताया कि खरीफ खरीद सीजन 2025 के दौरान 22 सितंबर से अब तक धान की सबसे अधिक खरीद खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग की ओर से की गई है।

 

विभाग ने अब तक 223695.12 मीट्रिक टन धान की खरीद की है। वहीं हैफेड ने अब तक 117705.84  मीट्रिक धान की खरीद की है। जबकि हरियाणा राज्य भंडारण निगम द्वारा 35771.05  मीट्रिक धान की खरीद की गई है।    

 

उल्लेखनीय है कि हरियाणा राज्य में केंद्र सरकार द्वारा निर्धारित समर्थन मूल्य पर धान खरीद 22 सितंबर 2025 से आरम्भ कर दी गई थी। राज्य में धान की खरीद में सबसे आगे जिला कुरुक्षेत्र है।  

 

उन्होंने बताया कि कुरुक्षेत्र जिले में अब तक सबसे अधिक 168949.60 मीट्रिक टन धान की आवक हुई है और 146651.10 मीट्रिक टन धान की ख़रीद की जा चुकी है। कुरुक्षेत्र जिले की मंडियों में कुल 12787 पंजीकृत किसानों से धान खरीदा गया है।

 

हरियाणा की मंडियों/खरीद केंद्रों में धान की खरीद खाद्य और नागरिक आपूर्ति विभाग, हैफेड और हरियाणा राज्य भंडारण निगम द्वारा की जा रही है।

Comments