एयरफोर्स डे 2026: इस बार ‘एयर पावर वीक’ के रूप में मनाया जाएगा समारोह, 4 अक्टूबर से शुरुआत

नई दिल्ली। भारतीय वायु सेना इस वर्ष एयरफोर्स डे को विशेष अंदाज में मनाने जा रही है। इस बार 8 अक्टूबर को होने वाले एयरफोर्स डे समारोह को ‘एयर पावर वीक’ के रूप में आयोजित किया जाएगा। सप्ताहभर चलने वाले कार्यक्रमों की शुरुआत 4 अक्टूबर को एयरफोर्स मैराथन से ।

परमवीर चक्र विजेता निर्मलजीत सिंह सेखों को समर्पित मैराथन

एयरफोर्स मैराथन को परमवीर चक्र विजेता फ्लाइंग ऑफिसर निर्मलजीत सिंह सेखों की वीरता और बलिदान को समर्पित किया गया है। सेखों ने 1971 के भारत-पाकिस्तान युद्ध के दौरान असाधारण साहस का परिचय दिया था।

पिछले वर्ष आयोजित सेखों मैराथन में देशभर के 46 एयरफोर्स स्टेशनों से 45 हजार से अधिक प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया था। इस वर्ष भी मैराथन के जरिए भारतीय वायु सेना की वीरता, शौर्य और देशसेवा की भावना को जन-जन तक पहुंचाने पर जोर रहेगा।

4 से 12 अक्टूबर तक होंगे विभिन्न कार्यक्रम

‘एयर पावर वीक’ के दौरान कई महत्वपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसका प्रमुख कार्यक्रम 8 अक्टूबर को जोधपुर एयरफोर्स स्टेशन पर होने वाला एयरफोर्स डे सेलिब्रेशन होगा।

कार्यक्रमों का कैलेंडर इस प्रकार रहेगा:

  • 4 अक्टूबर: एयरफोर्स मैराथन के साथ एयर पावर वीक की शुरुआत।
  • 8 अक्टूबर: जोधपुर एयरफोर्स स्टेशन पर एयरफोर्स डे सेलिब्रेशन।
  • 9 अक्टूबर: रणनीतिक मुद्दों पर महत्वपूर्ण चर्चा।
  • 10 अक्टूबर: विदेशी सैन्य नेतृत्व की मौजूदगी में विशेष कार्यक्रम।
  • 12 अक्टूबर: मल्टीनेशनल एक्सरसाइज ‘तरंग शक्ति’ का समापन।

विदेशी वायु सेनाओं की भी रहेगी भागीदारी

एयर पावर वीक के दौरान विदेशी वायु सेनाओं के साथ विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इनमें योग, सांस्कृतिक संवाद और एयरक्राफ्ट स्टेटिक डिस्प्ले प्रमुख आकर्षण होंगे। इन कार्यक्रमों के जरिए भारत और मित्र देशों की वायु सेनाओं के बीच सहयोग और आपसी संबंधों को और मजबूत करने का प्रयास किया जाएगा।

8 अक्टूबर को मनाया जाता है एयरफोर्स डे

भारतीय वायु सेना की स्थापना 8 अक्टूबर 1932 को हुई थी। शुरुआती दौर में इसे ब्रिटिश भारत में रॉयल एयर फोर्स की सहायक इकाई के रूप में स्थापित किया गया था। आज भारतीय वायु सेना देश की सुरक्षा और हवाई सीमाओं की रक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

‘एयर पावर वीक’ के आयोजन के जरिए भारतीय वायु सेना अपने गौरवशाली इतिहास, वीर जवानों के बलिदान और आधुनिक हवाई शक्ति को प्रदर्शित करेगी। :::


टिप्पणियाँ