किसानों पर अनावश्यक बोझ डालने के बजाय मंडियों में खरीद, उठान और भुगतान की व्यवस्था दुरुस्त करे सरकार : राव नरेंद्र सिंह



चंडीगढ़/नारनौल: जिला महेंद्रगढ़ के नारनौल एवं सिहमा में आयोजित ब्लॉक कांग्रेस सम्मेलन में हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने किसानों, युवाओं और लोकतांत्रिक अधिकारों से जुड़े मुद्दों को लेकर भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का लक्ष्य केवल चुनाव लड़ना नहीं, बल्कि संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करते हुए जनता के हर सवाल और समस्या के लिए मजबूती से संघर्ष करना है।



सम्मेलन में संगठन की मजबूती और ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ अभियान को जन-जन तक पहुंचाने को लेकर भी विस्तार से चर्चा हुई।

राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि किसान पहले ही महंगाई, बढ़ती लागत और कृषि संबंधी समस्याओं से परेशान है, ऐसे में सरकार द्वारा अनाज की सफाई और छंटाई के लिए किसानों पर अतिरिक्त व्यवस्था का बोझ डालना पूरी तरह अनुचित है। मंडियों में किसानों को अपनी फसल बेचने के लिए पहले ही अनेक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सरकार को किसानों की मुश्किलें बढ़ाने के बजाय मंडियों में खरीद, उठान और भुगतान की व्यवस्था को सुचारू करना चाहिए।

उन्होंने कहा कि अनाज को छानने के लिए इलेक्ट्रिक झरना/सफाई की व्यवस्था किसानों पर थोपना किसान हित में नहीं है। इससे किसान पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा और उसकी लागत बढ़ेगी। सरकार को ऐसी व्यवस्था करनी चाहिए जिससे किसान को अपनी उपज का उचित मूल्य मिले और मंडी में उसे किसी प्रकार की अनावश्यक परेशानी न उठानी पड़े।

राव नरेंद्र सिंह ने अग्निवीर योजना को युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करार देते हुए कहा कि हरियाणा जैसे देश की सेना में बड़ी संख्या में योगदान देने वाले प्रदेश के युवाओं में इस योजना को लेकर भारी असमंजस है।

उन्होंने कहा कि चार साल की सेवा के बाद बड़ी संख्या में युवाओं के सामने भविष्य और रोजगार का सवाल खड़ा हो जाता है। जिस युवा ने देश की सेवा के लिए अपना सबसे महत्वपूर्ण समय दिया, उसे स्थायी रोजगार और सुरक्षित भविष्य की गारंटी मिलनी चाहिए। सरकार को युवाओं को दर-दर भटकने के लिए मजबूर करने के बजाय स्थायी भर्ती और सम्मानजनक रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने चाहिए।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस लगातार युवा, किसान, मजदूर और आम जनता के अधिकारों की आवाज उठाती रही है और आगे भी मजबूती से उठाती रहेगी। भाजपा सरकार को अपनी नीतियों पर पुनर्विचार करते हुए जनता के हित में ठोस कदम उठाने चाहिए।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं से संगठन को और मजबूत करने का आह्वान करते हुए कहा कि कांग्रेस की असली ताकत उसका कार्यकर्ता है। बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करके, प्रत्येक कार्यकर्ता से सीधा संवाद स्थापित करते हुए पार्टी को और अधिक सक्रिय बनाया जाएगा।

उन्होंने कहा कि गांव, वार्ड और बूथ स्तर पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं की सक्रियता ही आने वाले समय में संगठन को नई मजबूती देगी।
राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ अभियान केवल कांग्रेस का कार्यक्रम नहीं, बल्कि लोकतंत्र और संविधान की रक्षा का अभियान है। प्रत्येक कांग्रेस कार्यकर्ता को इस अभियान को लेकर जनता के बीच जाना होगा और लोगों को उनके वोट के अधिकार के महत्व के प्रति जागरूक करना होगा।

उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता का वोट सबसे बड़ी ताकत है और उसके अधिकार की रक्षा करना कांग्रेस की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे आपसी एकजुटता के साथ जनता के बीच जाएं, संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करें और किसान, युवा तथा आम नागरिक से जुड़े प्रत्येक मुद्दे पर संघर्ष के लिए तैयार रहें। उन्होंने कहा कि मजबूत संगठन, सक्रिय कार्यकर्ता और जनता के मुद्दों पर निरंतर संघर्ष के दम पर कांग्रेस हरियाणा में एक नई राजनीतिक ताकत के रूप में उभरेगी।

इस अवसर पर सतवीर यादव जिला अध्यक्ष महेंद्रगढ़ ,राव होशियार सिंह, सिहमा ब्लॉक अध्यक्ष दिलीप सिंह,सतपाल दहिया, राजन यादव,अजीत सिंह यादव सेवादल जिला अध्यक्ष महेंद्रगढ़,नरेंद्र सिंह अटाली सचिव,डॉ राज सुनेश, अनिल यादव के के सी प्रधान, महेंद्र सिंह राता,रामकिशन कनीना ब्लॉक प्रधान, मनपाल नारनौल ब्लॉक प्रधान, विक्रम सिंह नांगल चौधरी ब्लॉक प्रधान, समर सिंह अटेली ब्लॉक प्रधान,राजकुमार निजामपुर ब्लॉक प्रधान,विनोद शर्मा पूर्व सरपंच,अविनाश यादव, नीर सिंह,रमेश ठेकेदार रेवाड़ी, विनोद गहली, अनिल फ़ाँड़न, सुरेंद्र यादव, अमर सिंह S.C सेल प्रदेश उपाध्यक्ष, तोताराम S.C सेल जिला अध्यक्ष महेंद्रगढ़, सुरेंद्र पराशर पंचायत राज जिला अध्यक्ष महेंद्रगढ़, एवं सैकड़ो की संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

टिप्पणियाँ