हिमाचल के 8 जिलों में बारिश-तूफान का यलो अलर्ट, 50 KM की रफ्तार से चलेंगी हवाएं; ऊंची चोटियों पर हिमपात से गिरेगा तापमान


शिमला। हिमाचल प्रदेश में मौसम ने एक बार फिर करवट बदल ली है। मंगलवार रात प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की बारिश हुई, जबकि बुधवार को भी राजधानी शिमला समेत राज्य के अधिकांश भागों में आसमान बादलों से घिरा रहा। मौसम विभाग ने प्रदेश में अगले छह दिनों तक बारिश का दौर जारी रहने का पूर्वानुमान जताया है। बुधवार को ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला और सिरमौर जिलों में कुछेक स्थानों पर बारिश के साथ तूफान को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है।


मौसम विभाग के अनुसार 7 से 9 अक्टूबर तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश होने की संभावना है। इस दौरान कुछेक स्थानों पर 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं और तूफान चल सकते हैं। बिजली चमकने के साथ तेज हवाओं का असर भी देखने को मिल सकता है। मौसम के बिगड़ते मिजाज को देखते हुए लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।


7 अक्टूबर को आठ जिलों में अलर्ट रहेगा। इनमें ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला और सिरमौर शामिल हैं। वहीं 8 अक्टूबर को कांगड़ा, मंडी, शिमला और सिरमौर में बारिश और तूफान का यलो अलर्ट रहेगा। 9 अक्टूबर को बिलासपुर, शिमला, सोलन और सिरमौर जिलों में कुछेक स्थानों पर मौसम खराब रहने की संभावना है।


मौसम में बदलाव का असर प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भी देखने को मिलेगा। चंबा, कांगड़ा, लाहौल-स्पीति, किन्नौर और कुल्लू जिलों की अधिक ऊंचाई वाली चोटियों पर हल्का हिमपात होने की संभावना है। इससे ऊंचे पहाड़ी क्षेत्रों में ठंड और बढ़ सकती है। वहीं 10 से 12 अक्टूबर के बीच पश्चिमी विक्षोभ कुछ कमजोर पड़ सकता है, लेकिन इस दौरान भी प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की बूंदाबांदी या बारिश का सिलसिला जारी रहने का अनुमान है।


अगले पांच दिनों में तापमान में भी उल्लेखनीय गिरावट आने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के अधिकतम तापमान में तीन से चार डिग्री सेल्सियस, जबकि न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक की कमी आ सकती है। बीते 24 घंटे के दौरान प्रदेश के कुछ हिस्सों में हुई बारिश और किन्नौर में भारी ओलावृष्टि के बाद अधिकांश शहरों के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। प्रदेश का औसत अधिकतम तापमान भी करीब एक डिग्री सेल्सियस कम हुआ है।


केलांग में सबसे ज्यादा 3.9 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। यहां अधिकतम तापमान 3.9 डिग्री सेल्सियस गिरकर 20.4 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। कल्पा में अधिकतम तापमान तीन डिग्री गिरकर 21.8 डिग्री सेल्सियस, धर्मशाला में तीन डिग्री की कमी के बाद 25 डिग्री सेल्सियस और शिमला में 1.4 डिग्री की गिरावट के बाद 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।


तापमान में गिरावट का असर अगले चार दिनों तक जारी रहने की संभावना है। इससे ऊंचे पहाड़ी क्षेत्रों में सुबह, शाम और रात के समय ठंड और बढ़ेगी। हालांकि मैदानी और मध्यम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में मौसम अपेक्षाकृत सुहावना बना रहने की संभावना है। बारिश, तेज हवाओं और ऊंची चोटियों पर संभावित हिमपात के चलते प्रदेश में मौसम का मिजाज आने वाले दिनों में ठंड की ओर बढ़ता नजर आएगा।

टिप्पणियाँ