चंडीगढ़ में नैतिक हत्याकांड के आरोपी का पुलिस एनकाउंटर, सेक्टर-50 के जंगल में चली गोली

चंडीगढ़ में नैतिक हत्याकांड के आरोपी का पुलिस एनकाउंटर, सेक्टर-50 के जंगल में चली गोली

चंडीगढ़: सेंट जोसेफ कॉन्वेंट स्कूल के पूर्व छात्र नैतिक (17) की हत्या के मामले में चंडीगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस की ऑपरेशन सेल की टीम ने सेक्टर-50 के जंगल में मुठभेड़ के दौरान एक आरोपी को गोली मार दी। यह कार्रवाई इंस्पेक्टर सेखों के नेतृत्व में की गई। घटनास्थल पर पुलिस की टीमें तैनात हैं।

सुपारी देकर हत्या कराने का आरोप

पुलिस जांच में सामने आया था कि नैतिक की हत्या कथित तौर पर सुपारी देकर कराई गई थी। पुलिस सूत्रों के अनुसार, बंबीहा गैंग के गैंगस्टर लक्की पटियाल का नाम भी हत्या की साजिश में सामने आया है। शुरुआती जांच में इस वारदात के पीछे सेक्टर-34 में हुई मारपीट और उसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने को लेकर पुरानी रंजिश की बात सामने आई थी।

पहचान कराने के बाद मारी गई थी गोली

पुलिस के मुताबिक, रंजिश रखने वाला एक छात्र शूटर के साथ नैतिक की पहचान कराने आया था। इसके बाद नैतिक पर गोलियां चलाई गईं। इस गोलीबारी में एक ऑटो चालक के कंधे पर भी गोली लगी, जबकि दूसरी गोली नैतिक की छाती में लगी थी। गंभीर रूप से घायल नैतिक की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई थी।

फिलहाल, पुलिस की कार्रवाई और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच जारी है।

टिप्पणियाँ