पिंक अक्टूबर: 5 किलोमीटर रन के माध्यम से दिया स्तन कैंसर के प्रति जागरूकता का संदेश


पंचकूला, 24 अक्टूबर 2026: स्तन कैंसर के प्रति जागरूकता बढ़ाने, महिलाओं को अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने और बीमारी की समय पर पहचान के महत्व को समझाने के उद्देश्य से परदीप हेल्थकेयर सेंटर और ज़ोन 5 रनिंग क्लब के सहयोग से शनिवार को पंचकूला में ‘पिंक अक्टूबर 5 किलोमीटर रन’ का आयोजन किया गया। इस दौरान प्रतिभागियों ने गुलाबी रंग के कपड़े पहनकर स्तन कैंसर के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।



कार्यक्रम की शुरुआत प्रतिभागियों की बुनियादी स्वास्थ्य जांच और आवश्यक दिशा-निर्देशों के साथ हुई। इसके बाद 5 किलोमीटर की पिंक रन को रवाना किया गया। यह रन सेक्टर 5 से शुरू होकर इसी सेक्टर की विभिन्न सड़कों से गुजरते हुए वापस अपने निर्धारित स्थान पर पहुंची। प्रतिभागियों ने अपनी सुविधानुसार दौड़कर या पैदल चलकर इसमें हिस्सा लिया।


रन पूरी होने के बाद प्रतिभागियों के लिए पानी और प्रोटीन बार की व्यवस्था की गई। इस अवसर पर परदीप हेल्थकेयर सेंटर की जनरल लापरोस्कॉपिक एंड रोबोटिक सर्जन डॉ. बिथिका साहा ने प्रतिभागियों को स्तन कैंसर के प्रति जागरूक किया। उन्होंने स्तन कैंसर के शुरुआती लक्षणों, बीमारी की समय पर पहचान और नियमित जांच के महत्व के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि शुरुआती चरण में बीमारी का पता चलने से समय पर इलाज शुरू करने में मदद मिलती है। उन्होंने महिलाओं को अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने, शरीर में होने वाले किसी भी असामान्य बदलाव को नजरअंदाज न करने और ऐसे लक्षण दिखाई देने पर डॉक्टर से परामर्श लेने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान प्रतिभागियों ने स्तन स्वास्थ्य और जांच से संबंधित सवाल भी पूछे, जिनका डॉ. साहा ने जवाब दिया।कार्यक्रम के अंत में रन पूरी करने वाले प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र वितरित किए गए।


महिलाओं के लिए नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित


पिंक अक्टूबर अभियान के तहत शनिवार को सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक परदीप हेल्थकेयर सेंटर में महिलाओं के लिए नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन भी किया गया। शिविर में महिलाओं को स्वास्थ्य संबंधी परामर्श उपलब्ध करवाया गया।


इस पहल का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना और उन्हें नियमित स्वास्थ्य जांच करवाने के साथ-साथ समय पर उचित चिकित्सकीय परामर्श लेने के लिए प्रोत्साहित करना था।

टिप्पणियाँ