हिमाचल में 30 सितंबर तक जारी रहेगा बारिश का दौर, सिरमौर में 27 को ऑरेंज अलर्ट

शिमला, 25 सितंबर। देश के कुछ हिस्सों से दक्षिण-पश्चिम मानसून की विदाई शुरू हो चुकी है, लेकिन हिमाचल प्रदेश में मानसून अभी सक्रिय बना हुआ है। प्रदेश में आगामी दिनों में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है और 30 सितंबर तक बारिश का दौर जारी रहने का पूर्वानुमान है। मौसम विभाग (IMD) के अनुसार प्रदेश में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 25 से 30 सितंबर के बीच विभिन्न क्षेत्रों में बारिश होने की संभावना है।

मौसम विभाग के अनुसार 24, 25 और 30 सितंबर को प्रदेश के कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है। वहीं 26 और 29 सितंबर को कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है। 26 सितंबर को प्रदेश के एक-दो स्थानों पर भारी बारिश भी हो सकती है। इसके बाद 27 और 28 सितंबर को कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश का पूर्वानुमान है।

सिरमौर में 27 सितंबर को ऑरेंज अलर्ट

मौसम विभाग ने 27 सितंबर को सिरमौर जिले के कुछेक स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश की आशंका को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं 28 सितंबर को भी प्रदेश के एक-दो स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है। ऐसे में बारिश के दौरान लोगों और पर्यटकों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

5 डिग्री तक गिर सकता है तापमान

बारिश के साथ प्रदेश के तापमान में भी गिरावट आने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार आगामी पांच दिनों के दौरान राज्य के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की कमी आ सकती है। बीते 24 घंटे के दौरान भी प्रदेश के कई शहरों के तापमान में करीब 2 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है। लगातार बारिश और तापमान में गिरावट के चलते प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में ठंड का असर और बढ़ सकता है।

मानसून सीजन में सामान्य से 13 फीसदी कम बारिश

हिमाचल प्रदेश में इस मानसून सीजन में अब तक सामान्य से 13 फीसदी कम बारिश दर्ज की गई है। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार 1 जून से 24 सितंबर तक प्रदेश में 628.3 मिलीमीटर बारिश हुई है, जबकि इस अवधि के दौरान सामान्य बारिश का आंकड़ा 723.1 मिलीमीटर रहता है। इस लिहाज से प्रदेश में अब तक सामान्य से करीब 94.8 मिलीमीटर कम बारिश दर्ज की गई है।

मानसून की विदाई की प्रक्रिया देश के कुछ हिस्सों में शुरू होने के बावजूद हिमाचल में पश्चिमी विक्षोभ और मानसूनी गतिविधियों के प्रभाव से बारिश का सिलसिला फिलहाल जारी रहने की संभावना है। आगामी दिनों में बारिश के साथ तापमान में गिरावट से प्रदेश के मौसम में ठंडक बढ़ने के भी संकेत हैं।

टिप्पणियाँ