बाइक सवार दो युवकों ने बहस के बाद निकाली पिस्तौल, तीन फायर करने का दावा; पत्नी के बयानों पर पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर शुरू की तलाश

कपूरथला। कपूरथला के गांव खानोवाल में सोमवार दोपहर गुज्जरों के डेरे के नजदीक फायरिंग की घटना से इलाके में दहशत फैल गई। इस दौरान गोली लगने से एक व्यक्ति घायल हो गया, जिसकी पहचान रहमत अली निवासी गुज्जर डेरा, गांव खानोवाल के रूप में हुई है। घायल को उपचार के लिए जालंधर के एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।



घटना की सूचना मिलते ही एसपी-डी हरिंदर सिंह और डीएसपी सबडिवीजन शीतल सिंह पुलिस टीम सहित मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लेकर जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल से एक खोल भी बरामद किया है।

डीएसपी शीतल सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि घायल रहमत अली की पत्नी के बयानों के आधार पर दो आरोपियों के खिलाफ थाना सदर कपूरथला में मामला दर्ज किया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस द्वारा अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी की जा रही है।

### डेरे के पास पेशाब करने से रोकने पर हुआ विवाद

पुलिस को दिए बयान में घायल की पत्नी ने बताया कि दोपहर के समय बाइक सवार दो व्यक्ति उनके डेरे के नजदीक पहुंचे और वहां पेशाब करने लगे। उसके पति रहमत अली ने दोनों को ऐसा करने से रोका। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में बहस शुरू हो गई।

आरोप है कि बहस के दौरान बाइक सवार दोनों व्यक्तियों ने पिस्तौल निकाल ली और फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान गोली लगने से रहमत अली घायल हो गया। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी बाइक पर सवार होकर मौके से फरार हो गए।

### घटनास्थल पर तीन फायर होने की प्राथमिक जांच

डीएसपी शीतल सिंह के अनुसार पुलिस की प्राथमिक जांच में सामने आया है कि घटनास्थल पर तीन फायर किए गए। मौके से एक खोल भी बरामद हुआ है। पुलिस द्वारा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि बाइक सवार आरोपियों की पहचान की जा सके।

पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश तेज कर दी है। वहीं घटना के पीछे के कारणों और वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की भी गहनता से जांच की जा रही है।

टिप्पणियाँ