साइना नेहवाल के साथ दौड़ेगा पूरा ट्राईसिटी, गुलाब चंद कटारिया करेंगे SK ट्राई-सिटी मैराथन का फ्लैग ऑफ
27 सितंबर को चंडीगढ़ क्लब से होगी मैराथन की शुरुआत, मेयर सौरभ जोशी भी होंगे विशेष अतिथि; फिटनेस के साथ ‘सुरक्षित डिजिटल भारत’ का संदेश देंगे हजारों प्रतिभागी
चंडीगढ़। फिटनेस और डिजिटल सुरक्षा के संदेश को लेकर ट्राईसिटी एक बार फिर दौड़ने के लिए तैयार है। संस्कृति युवा संस्था और आईआईईएमआर (इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ इवेंट मैनेजमेंट) की ओर से एसके फाइनेंस के सहयोग से आयोजित एसके ट्राई-सिटी मैराथन का चंडीगढ़ संस्करण 27 सितंबर को आयोजित किया जाएगा। मैराथन में ओलंपियन एवं पूर्व वर्ल्ड नंबर-1 बैडमिंटन खिलाड़ी साइना नेहवाल विशेष रूप से शामिल होंगी।आयोजन में चंडीगढ़ के महापौर सौरभ जोशी भी विशेष अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। वहीं, पंजाब के राज्यपाल एवं चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया मैराथन को फ्लैग ऑफ करेंगे।
साइना नेहवाल की मौजूदगी बढ़ाएगी आयोजन की रौनक
भारतीय खेल जगत को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित करने वाली साइना नेहवाल ने लंदन 2012 ओलंपिक में कांस्य पदक जीतकर इतिहास रचा था। वह विश्व की नंबर-1 महिला बैडमिंटन खिलाड़ी रह चुकी हैं। इसके अलावा उन्होंने विश्व चैंपियनशिप में रजत पदक, राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण पदक सहित कई अंतरराष्ट्रीय उपलब्धियां हासिल की हैं।
आयोजकों का कहना है कि साइना नेहवाल की मौजूदगी से मैराथन के फिटनेस संदेश को नई ऊर्जा मिलेगी और युवाओं को खेल एवं स्वस्थ जीवनशैली के लिए प्रेरणा मिलेगी।
फिटनेस के साथ साइबर सुरक्षा का संदेश
इस बार एसके ट्राई-सिटी मैराथन को ‘रन फॉर सेफ डिजिटल भारत’ थीम के साथ आयोजित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य लोगों को स्वस्थ जीवनशैली के साथ-साथ ऑनलाइन ठगी, डिजिटल फ्रॉड और साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक करना है।
आयोजकों के अनुसार, जिस तरह स्वस्थ रहने के लिए नियमित शारीरिक गतिविधि और दौड़ जरूरी है, उसी तरह डिजिटल दुनिया में सुरक्षित रहने के लिए सतर्कता और जागरूकता भी आवश्यक है। मैराथन के माध्यम से यह संदेश चंडीगढ़, मोहाली और पंचकूला समेत पूरे ट्राईसिटी तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
3, 10 और 21.097 किलोमीटर की दौड़
एसके ट्राई-सिटी मैराथन में प्रतिभागियों के लिए 3 किलोमीटर, 10 किलोमीटर और 21.097 किलोमीटर की अलग-अलग श्रेणियां रखी गई हैं। इनमें बच्चे, युवा, वरिष्ठ नागरिक और फिटनेस प्रेमी अपनी क्षमता के अनुसार भाग ले सकेंगे।
आयोजकों के मुताबिक, यह आयोजन केवल दौड़ और प्रतिस्पर्धा तक सीमित नहीं है, बल्कि इसे फिटनेस और डिजिटल जागरूकता से जुड़े व्यापक सामाजिक अभियान के रूप में आयोजित किया जा रहा है।
‘दौड़ेंगे भी, जागरूक करेंगे भी’
मैराथन के दौरान प्रतिभागियों और आम लोगों को साइबर फ्रॉड, ऑनलाइन ठगी, डिजिटल अपराध और सुरक्षित डिजिटल व्यवहार के बारे में जागरूक किया जाएगा।
सर्व ब्राह्मण महासभा के एग्जीक्यूटिव प्रेसिडेंट एवं आयोजन से जुड़े दीपक शर्मा ने कहा कि डिजिटल युग में साइबर अपराध समाज के सामने बड़ी चुनौती बनकर उभरा है। उन्होंने कहा कि मैराथन जैसे बड़े जनभागीदारी वाले आयोजन के माध्यम से फिटनेस के साथ डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना महत्वपूर्ण पहल है।
मुकेश मिश्रा बोले—फिटनेस के साथ डिजिटल सुरक्षा भी जरूरी
आयोजक मुकेश मिश्रा ने कहा कि मैराथन का उद्देश्य लोगों को फिटनेस के प्रति प्रेरित करने के साथ-साथ डिजिटल सुरक्षा का संदेश अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि डिजिटल फ्रॉड किसी एक आयु वर्ग या समाज के किसी विशेष हिस्से तक सीमित नहीं है, इसलिए हर वर्ग को इसके प्रति जागरूक होना जरूरी है।
27 सितंबर को चंडीगढ़ क्लब से होगी शुरुआत
एसके ट्राई-सिटी मैराथन की शुरुआत 27 सितंबर को चंडीगढ़ क्लब से होगी। साइना नेहवाल की मौजूदगी, महापौर सौरभ जोशी की सहभागिता और बड़ी संख्या में प्रतिभागियों की भागीदारी के बीच यह आयोजन फिटनेस और डिजिटल जागरूकता का सामूहिक संदेश देगा।
आयोजकों ने चंडीगढ़, मोहाली और पंचकूला समेत पूरे ट्राईसिटी के लोगों से बड़ी संख्या में इस अभियान से जुड़ने की अपील की है।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें