शिमला। HPTDC कर्मचारियों को जुलाई के बाद अब तक वेतन नहीं मिला है। इस मुद्दे पर अब भारतीय मजदूर संघ भी एचपीटीडीसी कर्मचारियों के समर्थन में उतरा है। संघ ने शिमला में मीडिया से बातचीत करते हुए HPTDC चेयरमैन आर. एस. बाली को पद से हटाने की मांग उठाते हुए “टूरिज्म बचाओ, बाली हटाओ” का नारा दिया। मजदूर संघ का आरोप है कि एचपीटीडीसी की कई होटल इकाइयों में चल रहे रेनोवेशन के कारण आय प्रभावित हुई है और इसका असर कर्मचारियों के वेतन पर पड़ा है। संघ के अनुसार कर्मचारियों को जुलाई के बाद से वेतन नहीं मिला है, जबकि अगस्त का वेतन भी 24 सितंबर तक जारी नहीं किया गया है। इससे निगम में कार्यरत करीब 1000 नियमित, 70 दैनिक वेतनभोगी और 500 आउटसोर्स कर्मचारी प्रभावित हैं।
भारतीय मजदूर संघ के प्रदेशाध्यक्ष मदन राणा ने कहा कि कुल्लू की चार इकाइयों में एक साथ रेनोवेशन किए जाने के कारण इन इकाइयों से आय बंद है और इसे निगम के मौजूदा आर्थिक संकट का प्रमुख कारण बताया। संघ ने होटल वाइल्ड फ्लावर हॉल से मिलने वाली राशि का मुद्दा भी उठाया। मजदूर संघ के मुताबिक इस होटल से अब तक करीब 401 करोड़ रुपये इकट्ठा हुए हैं और हर महीने करीब 1.25 करोड़ रुपये किराया सीधे सरकार को जा रहा है। संघ का कहना है कि यदि यह राशि निगम को मिलती तो मौजूदा स्थिति उत्पन्न नहीं होती। कर्मचारियों के विभिन्न डीए एरियर, वर्ष 2016 के इंटरिम वेतन के एरियर भी लंबित हैं। इसके अलावा पिछले एक साल से मेडिकल और टीए बिलों का भुगतान नहीं होने की बात भी कही गई। संघ ने निगम की आठ इकाइयों को दूसरी बार ऑपरेशन एंड मेंटेनेंस यानी O&M पर देने की पहल पर भी सवाल उठाए।
मजदूर संघ ने सरकार से एचपीटीडीसी कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान करने और चेयरमैन आरएस बाली को पद से हटाने की मांग की। संघ ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने समस्या का समाधान नहीं किया तो यूनियन एक दिन के लिए हिमाचल भवन, मंडी सदन, हिमाचल भवन चंडीगढ़, सचिवालय, विधानसभा, विली पार्क और सभी अधिकारियों व मंत्रियों के घरों में सेवाएं बंद करने का कदम उठाएगी। भारतीय मजदूर संघ ने यूनियन के इस प्रस्तावित कदम को पूरा समर्थन देने की बात कही है।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें