15 सूत्रीय मांगें पूरी न होने पर रोडवेज कर्मचारियों का बड़ा ऐलान, अनिश्चितकालीन धरने की चेतावनी

हिसार रोडवेज कर्मचारियों की विभिन्न लंबित मांगों और 15 सूत्रीय मांग-पत्र को लेकर हिसार रोडवेज डिपो में सांझा संघर्ष समिति की गेट मीटिंग आयोजित की गई। बैठक में कर्मचारियों की लंबित समस्याओं और मांगों पर विस्तार से चर्चा की गई।

सांझा संघर्ष समिति ने कहा कि 15 सूत्रीय मांग-पत्र की मांगों को पूरा नहीं किया गया तो कर्मचारी महाप्रबंधक कार्यालय के बाहर अनिश्चितकालीन धरना शुरू करेंगे। समिति ने कहा कि कर्मचारियों की जायज मांगों का समाधान होने तक आंदोलन जारी रहेगा।

सांझा संघर्ष समिति हिसार के प्रधान अजय दुहन ने कहा कि 15 अप्रैल 2026 को कर्मचारियों और विभाग के बीच हुए समझौते को लागू किया जाए, ताकि लंबित मांगों का समाधान हो सके और वंचित कर्मचारियों को उनका हक मिल सके।

अजय दुहन ने कहा कि कर्मचारियों का TA, ACP स्केल समेत कई अन्य लाभ और मामले लंबित हैं। उनका कहना है कि पूर्व में अधिकारियों की मौजूदगी में कर्मचारियों को इन समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया गया था और आंदोलन समाप्त करवाया गया था, लेकिन कई मांगें अभी भी लंबित हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि डिपो में कर्मचारियों की समस्याओं को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों से डिपो की व्यवस्थाओं और कर्मचारियों से जुड़ी समस्याओं की जांच करवाने की मांग की।

समिति ने मृत कर्मचारियों से जुड़े लंबित मामलों का मुद्दा भी उठाया। उनका कहना है कि कई मामलों में परिवारों को मिलने वाले लाभ की प्रक्रिया लंबे समय से लंबित है। समिति ने मांग की कि ऐसे सभी मामलों की फाइलें जल्द पूरी कर पात्र परिवारों को उनका लाभ दिया जाए।

सांझा संघर्ष समिति ने चेतावनी दी कि यदि 15 सूत्रीय मांग-पत्र और कर्मचारियों की लंबित समस्याओं का समाधान जल्द नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। समिति ने कर्मचारियों से जुड़े मुद्दों को लेकर बड़े आंदोलन की भी चेतावनी दी।

टिप्पणियाँ