चंडीगढ़। नशे के खिलाफ शहर को दौड़ाने और साइबर ठगी से बचाव का संदेश घर-घर पहुंचाने के लिए 27 सितंबर को होने वाली एस के ट्राईसिटी मैराथन में अब चंडीगढ़ पुलिस की एसएसपी कंवरदीप कौर भी दौड़ की गवाह बनेंगी ।मैराथन आयोजक संस्कृति युवा संस्था के अधिकारी मुकेश मिश्रा और सर्व ब्राह्मण महासभा चंडीगढ़ के महासचिव दिनेश दीक्षित ने एसएसपी को आयोजन में शामिल होने का निमंत्रण दिया, जिसे उन्होंने स्वीकार कर लिया। उनके शामिल होने से मैराथन को नशा विरोधी और साइबर जागरूकता अभियान के रूप में और मजबूती मिलने की उम्मीद है।
एसएसपी कंवरदीप कौर ने मैराथन को नशे और साइबर अपराध के खिलाफ जन-जागरूकता का प्रभावी माध्यम बताते हुए आयोजन की सराहना की। उन्होंने कहा कि चंडीगढ़ पुलिस ड्रग्स के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। नशे के खिलाफ कार्रवाई के साथ युवाओं और आम लोगों को जागरूक करने के लिए लगातार अभियान चलाए जा रहे हैं। उन्होंने लोगों से भी नशे के खिलाफ मुहिम में सक्रिय भागीदारी की अपील की।
साइना नेहवाल भी होंगी शामिल, युवाओं को मिलेगा खेल के जरिए नशे से दूर रहने का संदेश
आयोजकों के मुताबिक मैराथन में ओलंपियन और बैडमिंटन स्टार साइना नेहवाल भी शामिल होंगी। ऐसे में आयोजन में खिलाड़ियों, पुलिस अधिकारियों और शहरवासियों की भागीदारी युवाओं तक सीधे संदेश पहुंचाएगी। मैराथन का उद्देश्य नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के साथ बढ़ते साइबर अपराधों से बचाव के लिए लोगों को सतर्क करना भी है।
आयोजकों का कहना है कि खेल और जनभागीदारी को माध्यम बनाकर युवाओं को नशे से दूर रहने तथा साइबर दुनिया में सुरक्षित व्यवहार अपनाने का संदेश दिया जाएगा। 27 सितंबर को होने वाली इस मैराथन में बड़ी संख्या में शहरवासियों के जुटने की उम्मीद है।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें