हिसार पुलिस ने शुक्रवार रात गांव भिवानी रोहिल्ला के पास मुठभेड़ के बाद दो बदमाशों को गिरफ्तार किया। मुठभेड़ रात करीब 9:30 बजे हुई। पुलिस की जवाबी फायरिंग में बालसमंद निवासी संदीप उर्फ फिल्मी के पैर में गोली लगी। घायल बदमाश को पुलिस ने जिला नागरिक अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार किया गया।
सीआईए-2 मिलगेट प्रभारी जगदीश कुमार के अनुसार पुलिस को सूचना मिली थी कि अजीत पहलवान गैंग के दो बदमाश गांव भिवानी रोहिल्ला के पास खेत में बने एक कमरे में छिपे हुए हैं और किसी बड़ी वारदात की फिराक में हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखकर दोनों बदमाश बाहर निकले। आरोप है कि इस दौरान संदीप उर्फ फिल्मी ने पुलिस टीम पर दो फायर किए। गोली पुलिसकर्मी की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी, जिससे जवान का बचाव हो गया। इसके बाद पुलिस ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें संदीप के पैर में गोली लगी। वहीं, दूसरा आरोपी अनिल निवासी गांव बुआन, जिला फतेहाबाद मौके से भागने लगा, जिसे पुलिस टीम ने पीछा कर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो पिस्टल, 9 कारतूस और खाली राउंड बरामद किए हैं। पुलिस के मुताबिक संदीप उर्फ फिल्मी के खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, गवाह को गोली मारने और आर्म्स एक्ट सहित अन्य जघन्य धाराओं में 10 से अधिक मामले दर्ज हैं। दोनों आरोपी विनोद पानू हत्याकांड में वांछित बताए जा रहे थे। इस मामले में पुलिस पहले ही हांसी जिले के गांव गढ़ी निवासी अजय, खरड़ निवासी राकेश और रोड कलां निवासी सुमित को गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस के अनुसार, अजय और राकेश ने पेशी के दौरान विनोद पानू की गोली मारकर हत्या की थी।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें