केस और गिरफ्तारी से नहीं डरता भाजपा कार्यकर्ता, झूठे मुकदमों से दबाव बनाने की राजनीति नहीं चलेगी : प्रो. राम कुमार

ऊना।
भारतीय जनता पार्टी के पूर्व राज्य प्रवक्ता एवं हरोली भाजपा नेता प्रो. राम कुमार ने कहा है कि भाजपा का कार्यकर्ता और नेता न तो मुकदमों से डरता है और न ही गिरफ्तारी से। उन्होंने कहा कि राजनीतिक विरोध को दबाने के लिए झूठे मामले दर्ज करवाने की राजनीति से भाजपा कार्यकर्ता पीछे हटने वाला नहीं है।
अजय जोशी के बयान को लेकर चल रहे विवाद पर प्रतिक्रिया देते हुए प्रो. राम कुमार ने कहा कि अजय जोशी ने जो बात कही, वह कॉलेज से जुड़े मुद्दों को लेकर कही थी। उनके अनुसार, इसे राजनीतिक मुद्दा बनाकर मुकदमे दर्ज करवाना उचित नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस केवल राजनीतिक दबाव बनाने के लिए मामलों को तूल दे रही है।
हरोली कॉलेज के नाम और प्रतिमा पर उठाए सवाल
प्रो. राम कुमार ने कहा कि हरोली कॉलेज का नाम प्रो. सिम्मी अग्निहोत्री के नाम पर किस आधार और किस हैसियत से रखा गया, यह सवाल जनता के बीच उठना स्वाभाविक है। उन्होंने कॉलेज परिसर में स्थापित प्रतिमा तथा वहां सरस्वती माता का चित्र नहीं होने को लेकर भी सवाल खड़े किए।
उन्होंने कहा कि भाजपा इन मुद्दों पर सवाल पूछती रहेगी और जनता के सामने जवाब मांगती रहेगी।

शिलान्यास पट्टिकाओं और चौकों को लेकर भी घेरा
भाजपा नेता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम की शिलान्यास पट्टिका चौक पार्क में क्यों नहीं लगाई गई। उन्होंने तालीवाल में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के नाम पर चौक नहीं बनाए जाने, महाराणा प्रताप के नाम पर स्लो चौक में चौक नहीं बनाए जाने तथा होलियां में गुरु नानक देव जी के नाम पर चौक नहीं बनाए जाने को लेकर भी सवाल उठाए।
उन्होंने कहा कि इन सभी विषयों पर भाजपा अपनी सरकार बनने के बाद काम करेगी और क्षेत्र की जनता से जुड़े इन मुद्दों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जाएगा।

'प्रधानमंत्री मोदी ने पत्र लिखकर किया सम्मान'

प्रो. राम कुमार ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रो. सिम्मी अग्निहोत्री को लेकर पत्र लिखकर सम्मान व्यक्त किया था। उन्होंने कहा कि भाजपा किसी दिवंगत व्यक्ति के सम्मान के खिलाफ नहीं है, लेकिन सार्वजनिक संस्थानों और सरकारी संसाधनों के इस्तेमाल से जुड़े सवालों पर चर्चा होना भी जरूरी है।

मुकेश अग्निहोत्री पर साधा निशाना

प्रो. राम कुमार ने आरोप लगाया कि हरोली में मुकेश अग्निहोत्री की राजनीति मुद्दों से भटक रही है। उन्होंने कहा कि औद्योगिक विकास पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की नीतियों और निर्णयों की देन रहा है तथा भाजपा सरकार बनने पर हरोली सहित पूरे क्षेत्र में विकास कार्यों को नई गति देने का प्रयास किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता किसी दबाव में नहीं आएगा और क्षेत्र से जुड़े मुद्दों को लगातार जनता के बीच उठाता रहेगा। 

टिप्पणियाँ