सिम्मी अग्निहोत्री पर टिप्पणी से गरमाई सियासत, विनोद बिट्टू ने भाजपा को घेरा

“दिवंगत महिला के खिलाफ अपमानजनक भाषा बर्दाश्त नहीं, प्रो. रामकुमार नकारात्मक राजनीति छोड़ें”



ऊना। हरोली कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता विनोद बिट्टू ने दिवंगत प्रो. सिम्मी अग्निहोत्री को लेकर कथित आपत्तिजनक टिप्पणियों के मामले में भाजपा नेताओं पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि किसी दिवंगत महिला के विरुद्ध अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि राजनीतिक विरोध विचारों और विकास के मुद्दों पर होना चाहिए, लेकिन व्यक्तिगत एवं पारिवारिक स्तर पर टिप्पणी करना उचित नहीं है।


बिट्टू ने भाजपा नेता प्रो. रामकुमार पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें नकारात्मक राजनीति से बाज आना चाहिए। उन्होंने कहा कि जनता उन्हें चुनावों में तीन बार नकार चुकी है, इसलिए बार-बार हरोली को बदनाम करने का प्रयास नहीं होना चाहिए।

कॉलेज के मुद्दे पर भी उठाए सवाल

विनोद बिट्टू ने कॉलेज को लेकर लगाए जा रहे आरोपों पर सवाल उठाते हुए कहा कि भाजपा नेताओं को स्पष्ट करना चाहिए कि आखिर कौन-सा काम उस समय चल रहा था और किस चौक के निर्माण की बात की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रो. रामकुमार के पारिवारिक सदस्य हरोली कॉलेज में नौकरी कर चुके हैं, लेकिन उस समय विकास कार्य के नाम पर एक ईंट तक नहीं लगी।
उन्होंने कहा कि घालूवाल कॉलेज चौक को प्रो. सिम्मी अग्निहोत्री के नाम से विकसित किया जा रहा है और इसे बेहतरीन स्वरूप दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि आज हरोली क्षेत्र के गांव-गांव और चौक-चौराहों पर विकास दिखाई देता है और यही बात भाजपा नेताओं को परेशान कर रही है।

नामकरण को लेकर भी दिया जवाब

बिट्टू ने कहा कि क्षेत्र के शिक्षण संस्थानों का नाम समाज के लिए योगदान देने वाले लोगों के सम्मान से जुड़ा है। उन्होंने कहा कि हरोली कॉलेज का नाम शिक्षाविद प्रो. सिम्मी अग्निहोत्री के नाम पर, बीटन कॉलेज का नाम संत ढांगू वाले बाबा जी के नाम पर और खड्ड कॉलेज का नाम पंडित मोहनलाल दत्त जी के नाम पर रखा गया है।

“मुकेश अग्निहोत्री के वीडियो में आपत्तिजनक क्या है?”

उन्होंने कहा कि प्रो. रामकुमार द्वारा मुकेश अग्निहोत्री के पुराने वीडियो का हवाला दिया जा रहा है, लेकिन उस वीडियो में किसी के पारिवारिक सदस्य के बारे में कोई आपत्तिजनक बात नहीं कही गई। बिट्टू ने सवाल किया कि यदि भाजपा नेता राजनीतिक बहस करना चाहते हैं तो अजय जोशी के उस वीडियो को भी सार्वजनिक करें, जिसमें उन्होंने प्रो. सिम्मी अग्निहोत्री को लेकर कथित टिप्पणी की है।
उन्होंने कहा कि महिला कांग्रेस द्वारा पुलिस को दी गई शिकायत उचित है और पूरे मामले की जांच होनी चाहिए। बिट्टू ने कहा कि यदि भाजपा नेता प्रो. रामकुमार को अजय जोशी की भाषा अनुचित लगी होती तो उन्हें उनसे माफी मंगवानी चाहिए थी। इसके बजाय, उनके अनुसार, अब भाजपा नेता उक्त बयान का समर्थन करते नजर आ रहे हैं।
उन्होंने कहा कि “राजनीति में विरोध नीतियों और विकास के मुद्दों पर होना चाहिए, किसी दिवंगत महिला के सम्मान और परिवार को निशाना बनाकर नहीं।”

टिप्पणियाँ