सेक्टर-44 के आर्मी फ्लैट में 68 वर्षीय महिला मृत मिली, फ्लैट से दुर्गंध आने पर पड़ोसियों ने दी पुलिस को सूचना
चंडीगढ़ : सेक्टर-44 स्थित आर्मी फ्लैट में 68 वर्षीय महिला जसबीर कौर मृत मिली। वह फ्लैट में अकेली रहती थीं। उनके पति की पहले ही मौत हो चुकी है। उनकी चार बेटियां और एक बेटा है। एक बेटी पंचकूला में रहती है, जबकि अन्य बच्चे विदेश में रहते हैं। पुलिस को महिला की मौत की सूचना वीरवार शाम फ्लैट से दुर्गंध आने के बाद मिली।शव पर कपड़े नहीं थे।
पड़ोसियों के मुताबिक, जसबीर कौर को मंगलवार को आखिरी बार देखा गया था। इसके बाद वह दिखाई नहीं दीं। वीरवार शाम फ्लैट से तेज दुर्गंध आने पर पड़ोस में रहने वाले लोगों को शक हुआ। उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची सेक्टर-34 थाना पुलिस ने फ्लैट का दरवाजा खोलने की कोशिश की, लेकिन दरवाजा अंदर से बंद था।
पुलिस ने दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया तो जसबीर कौर का शव सोफे पर पड़ा मिला। पुलिस के मुताबिक, शव पुराना प्रतीत हो रहा है। घटनास्थल की जांच के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
पुलिस ने परिजनों को सूचना दे दी है। फिलहाल सेक्टर-34 थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि महिला की मौत कब और किन परिस्थितियों में हुई। मौके से किसी तरह की संदिग्ध वस्तु या घटना से जुड़े अन्य साक्ष्य मिले हैं या नहीं, इसकी भी जांच की जा रही है।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें