सड़क से करीब 50 मीटर नीचे लुढ़की बस, स्थानीय लोगों ने निजी वाहनों से घायलों को पहुंचाया खनेरी अस्पताल; प्रशासन और पुलिस की टीमें राहत-बचाव कार्य में जुटीं
रामपुर बुशहर, 9 अक्टूबर। हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले के रामपुर उपमंडल में शुक्रवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा सामने आया। डंसा गांव के पास सवारियों से भरी हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) की बस सड़क से करीब 50 मीटर नीचे जा गिरी। हादसे के समय बस में लगभग 35 लोग सवार बताए जा रहे हैं। दुर्घटना में कई यात्री घायल हुए हैं, जिनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, बस दंसा क्षेत्र से रामपुर की ओर जा रही थी। शुक्रवार सुबह करीब 8 बजे सुंडा के पास बस अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे लुढ़क गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोग तुरंत राहत एवं बचाव कार्य में जुट गए।
स्थानीय लोगों ने निजी वाहनों से पहुंचाए घायल
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को निजी वाहनों की मदद से महात्मा गांधी चिकित्सा सेवा परिसर (एमजीएमएससी), खनेरी पहुंचाया। इसके बाद एंबुलेंस भी घटनास्थल पर पहुंच गईं। अस्पताल में चिकित्सकों की टीम को अलर्ट किया गया और घायलों का उपचार शुरू किया गया। दो गंभीर रूप से घायल यात्रियों का खनेरी अस्पताल में उपचार जारी है।
प्रशासन और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं
एसडीएम रामपुर हर्ष अमरेन्द्र सिंह के अनुसार, हादसे की सूचना मिलते ही राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया गया। प्रशासन, पुलिस, अग्निशमन विभाग और वन विभाग की टीमें भी घटनास्थल पर पहुंचकर बचाव कार्य में जुट गईं।
हादसे के कारणों का पता नहीं
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसे में किसी की मौत की सूचना नहीं थी। हालांकि, दुर्घटना के वास्तविक कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। घायलों की स्थिति और हादसे से जुड़ी विस्तृत जानकारी का इंतजार है।
वहीं, दिनेश शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि सनेई से रामपुर की ओर जा रही बस सुंडा के पास दुर्घटनाग्रस्त हुई। बस में काफी संख्या में यात्री सवार थे। हादसे के बाद राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया गया।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें