LPU छात्रों का NH जाम कर प्रदर्शन, G-3 हॉस्टल में रहने वाली एक छात्रा के साथ दुष्कर्म हुआ: डीआईजी नवीन सिघला


फगवाड़ा : लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी पहुंचे डीआईजी नवीन सिघला ने बताया कि LPU के छात्रों ने रविवार सुबह राष्ट्रीय हाईवे जाम कर प्रदर्शन किया। छात्रों का आरोप था कि करीब तीन दिन पहले G-3 हॉस्टल में रहने वाली एक छात्रा के साथ दुष्कर्म हुआ है। उनका कहना था कि घटना के बाद छात्रा अपने घर चली गई, लेकिन मामले में अभी तक पुलिस कार्रवाई नहीं हुई। हाईवे जाम होने की सूचना मिलने के बाद वह और पुलिस टीमें मौके पर पहुंचे  छात्रों से बातचीत की। डीआईजी ने बताया कि छात्रों द्वारा दी गई जानकारी और बयानों के आधार पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ FIR दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि फिलहाल पुलिस के पास पीड़िता की पहचान से संबंधित पूरी जानकारी स्पष्ट नहीं है। FIR में G-3 हॉस्टल का उल्लेख किया गया है और मामले की जांच के बाद ही घटना से जुड़े अन्य तथ्य सामने आएंगे।
डीआईजी ने बताया कि FIR दर्ज होने के बाद पुलिस तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाएगी। यूनिवर्सिटी परिसर और G-3 हॉस्टल के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जाएगी। इसके अलावा मोबाइल फोन से मिलने वाली जानकारी का भी विश्लेषण किया जाएगा। जांच के दौरान छात्रों से भी आवश्यक जानकारी जुटाई जाएगी। मामले की गंभीरता को देखते हुए स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) गठित करने की बात भी डीआईजी ने कही। उन्होंने कहा कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, छात्रों की हॉस्टल से जुड़ी अन्य मांगों को लेकर दोपहर 12 बजे यूनिवर्सिटी प्रबंधन के साथ बैठक निर्धारित की गई है। इसमें बॉयज और गर्ल्स हॉस्टल से संबंधित मुद्दों पर छात्रों और प्रबंधन के बीच बातचीत होगी।

टिप्पणियाँ