हुड़दंग और तेज रफ्तार से वाहन चलाने के मामले में सीआईए कलायत पुलिस ने 6 आरोपियों को गिरफ्तार

 कैथल में NH-152 पर हुड़दंग और तेज रफ्तार से वाहन चलाने के मामले में सीआईए कलायत पुलिस ने 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। 


पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल 5 गाड़ियां भी जब्त की हैं।

 गिरफ्तार आरोपियों की पहचान खरक पांडवा निवासी जयप्रकाश उर्फ जेपी, सुनील, साहिल, सुमित, कैथल निवासी नमनप्रीत और बलबेहड़ा निवासी राजेश के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी 22 सितंबर की रात करनाल जेल से जमानत पर बाहर आए युवक को लेने के बाद कई गाड़ियों में गांव लौट रहे थे।


सीआईए कलायत प्रभारी एएसआई मनीष कुमार ने बताया कि 22 सितंबर की रात करीब 9 बजे अंबाला-हिसार राष्ट्रीय राजमार्ग-152 पर खरक पांडवा के पास कई गाड़ियां तेज गति और लापरवाही से चलाई जा रही थीं। वाहनों में सवार लोग सड़क पर शोर-शराबा कर रहे थे। पुलिस के अनुसार, इससे हाईवे पर अन्य वाहन चालकों और एंबुलेंस के आवागमन में बाधा की स्थिति बनी।

पुलिस जांच में सामने आया कि खरक पांडवा निवासी जयप्रकाश उर्फ जेपी 22 सितंबर को जिला जेल करनाल से जमानत पर बाहर आया था। उसके साथी उसे लेने के लिए कई गाड़ियों में करनाल जेल पहुंचे थे। वहां से वापस गांव लौटते समय तितरम से खरक पांडवा की ओर एनएच-152 पर वाहनों को तेज गति और लापरवाही से चलाने तथा हुड़दंगबाजी करने का आरोप है।

पुलिस के अनुसार, हाईवे से गुजर रहे राहगीरों ने मामले की सूचना डायल-112 पर दी थी। इसके बाद थाना कलायत में मामला दर्ज किया गया। सीआईए कलायत पुलिस ने जांच के बाद 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने मामले में इस्तेमाल 5 गाड़ियों को जब्त कर लिया है। पुलिस के अनुसार, प्रकरण में आगामी जांच और कार्रवाई जारी है।

टिप्पणियाँ