मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी पहुंचे सिंगापुर, 4 से 6 अक्टूबर तक विभिन्न कार्यक्रमों में होंगे शामिल | Singapore India Network for Growth forum


SING फोरम के तहत निवेश और तकनीक से जुड़े कार्यक्रमों में लेंगे हिस्सा, जंगल सफारी प्रोजेक्ट को लेकर सिंगापुर सफारी का करेंगे अवलोकन

चंडीगढ़। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी सिंगापुर पहुंच गए हैं। मुख्यमंत्री 4 से 6 अक्टूबर तक आयोजित SING (Singapore India Network for Growth) Forum के तहत कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। इस दौरे का उद्देश्य हरियाणा और सिंगापुर के बीच निवेश, तकनीक, इंफ्रास्ट्रक्चर तथा अन्य क्षेत्रों में सहयोग की संभावनाओं को मजबूत करना है।

दौरे के दौरान मुख्यमंत्री सिंगापुर के आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर और तकनीकी विकास का अवलोकन करेंगे। साथ ही विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े प्रतिनिधियों और संभावित निवेशकों के साथ मुलाकात कर हरियाणा में निवेश की संभावनाओं पर चर्चा करेंगे।

सिंगापुर बिजनेस फोरम के डिनर में प्रतिनिधियों से करेंगे मुलाकात

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी शाम को सिंगापुर बिजनेस फोरम द्वारा आयोजित डिनर कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस दौरान वे विभिन्न उद्योग एवं व्यापारिक प्रतिनिधियों से मुलाकात करेंगे। माना जा रहा है कि इस दौरान हरियाणा में निवेश और औद्योगिक सहयोग को लेकर महत्वपूर्ण चर्चा होगी।

जंगल सफारी प्रोजेक्ट पर भी नजर

मुख्यमंत्री के सिंगापुर दौरे में हरियाणा के प्रस्तावित जंगल सफारी प्रोजेक्ट को भी अहम स्थान दिया गया है। देर शाम मुख्यमंत्री सिंगापुर सफारी का दौरा कर वहां की व्यवस्थाओं, प्रबंधन, पर्यटन सुविधाओं और आधुनिक तकनीक का अवलोकन करेंगे।

सिंगापुर सफारी के अनुभवों को हरियाणा में प्रस्तावित जंगल सफारी परियोजना के संदर्भ में देखा जा रहा है। मुख्यमंत्री के इस दौरे से हरियाणा में पर्यटन, इंफ्रास्ट्रक्चर और निवेश के क्षेत्र में नई संभावनाओं को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।


टिप्पणियाँ