जापान। उप मुख्य सचेतक एवं शाहपुर विधायक श्री केवल सिंह पठानिया ने जापान दौरे के दौरान अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश और हिमाचल प्रदेश का नाम रोशन करने वाले प्रतिभावान खिलाड़ियों से मुलाकात की। इस अवसर पर उन्होंने खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
श्री केवल सिंह पठानिया ने कहा कि खेलों के क्षेत्र में हिमाचल प्रदेश के युवाओं की यह उपलब्धि पूरे प्रदेश के लिए गर्व का विषय है। खिलाड़ियों ने अपनी मेहनत, लगन और समर्पण के बल पर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी अलग पहचान बनाई है। उनकी उपलब्धियों से न केवल उनके परिवार और क्षेत्र का गौरव बढ़ा है, बल्कि देश और प्रदेश का नाम भी रोशन हुआ है।
उन्होंने कहा कि हिमाचल के युवाओं में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। आवश्यकता इस बात की है कि उन्हें उचित प्रशिक्षण, बेहतर खेल सुविधाएं और अपनी प्रतिभा को निखारने के पर्याप्त अवसर मिलें। उन्होंने खिलाड़ियों को भविष्य की प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे इसी मेहनत और समर्पण के साथ आगे बढ़ते रहें तथा प्रदेश और देश का नाम नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएं।
श्री पठानिया ने कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं को बेहतर खेल सुविधाएं, प्रशिक्षण और अवसर उपलब्ध करवाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। सरकार का प्रयास है कि हिमाचल के प्रतिभावान खिलाड़ियों को आवश्यक संसाधन और प्रोत्साहन मिले, ताकि वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी प्रतिभा का प्रभावी प्रदर्शन कर सकें।
उल्लेखनीय है कि शाहपुर विधायक श्री केवल सिंह पठानिया इन दिनों जापान दौरे पर हैं। जापान प्रवास के दौरान अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हिमाचल के खिलाड़ियों से उनकी यह मुलाकात खेल प्रतिभाओं के प्रति प्रोत्साहन और सम्मान का संदेश देती है।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें