महापौर सुरेंद्र चौहान ने कहा- पार्किंग के लिए ठेकेदारी प्रथा से हटकर सीधे लोगों को मिलेगा आवंटन, क्षमता से अधिक आवेदन पर होगा ड्रॉ


शिमला - शिमला के महापौर सुरेंद्र चौहान ने शहर में पार्किंग व्यवस्था को लेकर नगर निगम की योजना की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि नगर निगम ने पार्किंग को ठेकेदारी प्रथा से हटकर सीधे लोगों को आवंटित करने की प्रक्रिया शुरू की है। इसके तहत लोगों से आवेदन मांगे गए थे और प्राप्त आवेदनों के आधार पर पार्किंग उपलब्ध करवाने का प्रयास किया जा रहा है।


महापौर ने बताया कि एसडी कॉम्प्लेक्स, ऑकलैंड, टूटू और संकट मोचन सहित नगर निगम के विभिन्न पार्किंग स्थलों की क्षमता के अनुसार आवेदन देखे जा रहे हैं। यदि किसी पार्किंग की क्षमता के भीतर आवेदन प्राप्त होते हैं तो पात्र आवेदकों को पार्किंग आवंटित कर दी जाएगी। वहीं, यदि क्षमता से अधिक आवेदन प्राप्त होते हैं तो ड्रॉ के माध्यम से पार्किंग का आवंटन किया जाएगा।


उन्होंने कहा कि नगर निगम की प्राथमिकता अधिक से अधिक लोगों को पार्किंग की सुविधा उपलब्ध करवाना है। इसी को ध्यान में रखते हुए एक ही परिवार के कई वाहनों को पार्किंग देने के बजाय अन्य परिवारों को भी सुविधा देने पर विचार किया जा रहा है। यदि किसी परिवार के पास तीन या चार वाहन हैं तो सभी वाहनों के लिए पार्किंग देने के बजाय एक या दो वाहनों तक सुविधा सीमित रखने के संबंध में भी विचार किया जाएगा।


सुरेंद्र चौहान ने कहा कि इस पूरी व्यवस्था को लेकर आयुक्त, संयुक्त आयुक्त और संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर अलग-अलग पार्किंग स्थलों की स्थिति की समीक्षा की जा रही है। उन्होंने बताया कि एसडी कॉम्प्लेक्स की पार्किंग में कुछ स्थान अभी भी उपलब्ध हैं, जिन्हें आवश्यकता के अनुसार आगे की प्रक्रिया के तहत आवंटित किया जाएगा।


महापौर ने कहा कि पार्किंग आवंटन में स्थानीय निवासियों और सरकारी कार्यालयों में कार्यरत लोगों को प्राथमिकता देने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आवेदन प्रक्रिया में सामने आ रहे विभिन्न मामलों की भी समीक्षा की जाएगी, ताकि पार्किंग सुविधा का अधिक लोगों को लाभ मिल सके।


इसके अलावा महापौर सुरेंद्र चौहान ने बताया कि नगर निगम की ओर से 2 अक्टूबर से कुत्तों के टीकाकरण और जनगणना का अभियान भी शुरू किया गया है। करीब 25 से 30 लोग अलग-अलग वार्डों में इस कार्य में जुटे हैं। पिछले वर्ष करीब 3 हजार कुत्तों की जनगणना की गई थी और इस बार भी अभियान के माध्यम से वास्तविक संख्या का पता लगाया जाएगा। अभियान करीब 10 से 12 दिन तक चलेगा।


उन्होंने कहा कि 15 अक्टूबर से कुत्तों की नसबंदी का कार्य शुरू करने की भी तैयारी है। इसके लिए पशु चिकित्सकों और कर्मचारियों की आवश्यकता को लेकर सरकार के समक्ष मामला उठाया गया है।


महापौर ने स्वच्छता अभियान को लेकर कहा कि नगर निगम की ओर से लोगों की भागीदारी बढ़ाने के लिए एक घंटे के श्रमदान अभियान की शुरुआत की गई है। स्थानीय पार्षदों के साथ मिलकर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जा रहा है और शहर को साफ रखने में हर व्यक्ति से सहयोग की अपील की जा रही है।


वहीं, वेस्ट टू वंडर परियोजना को लेकर उन्होंने बताया कि हेरिटेज क्षेत्र में आपत्ति के बाद इसके लिए अन्य स्थान चिन्हित किए गए हैं। ढली और लेडीज पार्क के आसपास इसके कुछ हिस्से लगाए गए हैं, जबकि ओखला पार्क को भी वेस्ट टू वंडर पार्क के रूप में विकसित करने की योजना है।


गैर-वेंडिंग जोन को लेकर महापौर ने कहा कि इस मामले की उच्च न्यायालय द्वारा निगरानी की जा रही है। नगर निगम की ओर से नियमित वीडियोग्राफी और मौके पर निरीक्षण किया जा रहा है। शिकायतों के आधार पर कार्रवाई की जा रही है और गैर-वेंडिंग जोन में नियमों के अनुसार कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।


टिप्पणियाँ