सरदूलगढ़ जाने वाली पंजाब रोडवेज की बस के इंतजार में घंटों परेशान रहे यात्री, मुख्य गेट बंद कर जताया रोष

फतेहाबाद के रतिया बस अड्डे पर शनिवार देर शाम उस समय स्थिति तनावपूर्ण हो गई, जब सरदूलगढ़ जाने वाली पंजाब रोडवेज की बस अपने निर्धारित समय शाम 6:30 बजे रवाना नहीं हुई। बस का लंबे समय तक इंतजार करने से परेशान यात्रियों का आखिरकार गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने बस अड्डे के मुख्य गेट को बंद कर रोडवेज प्रशासन के खिलाफ रोष जताया।



जानकारी के अनुसार रतिया से सरदूलगढ़ के बीच चलने वाली पंजाब रोडवेज की बस रोजाना शाम करीब 6:30 बजे रतिया बस अड्डे से रवाना होती है। शनिवार को निर्धारित समय बीत जाने के बाद भी बस के रवाना नहीं होने से सरदूलगढ़ रोड की तरफ जाने वाले यात्री बस अड्डे पर इंतजार करते रहे।

यात्रियों का आरोप था कि काफी समय बीत जाने के बावजूद बस की रवानगी को लेकर उन्हें कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई। यात्रियों ने कहा कि वे शाम 6:30 बजे से बस का इंतजार कर रहे हैं, लेकिन न तो बस समय पर पहुंची और न ही उन्हें बस के संबंध में कोई संतोषजनक जवाब मिला।

लंबे इंतजार से परेशान यात्रियों ने बस अड्डे का मुख्य गेट बंद कर दिया और अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए रोडवेज प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। यात्रियों का कहना था कि निर्धारित समय पर बस नहीं चलने से उन्हें अपने गंतव्य तक पहुंचने में काफी देरी होती है। वहीं, रात के समय बस सुविधा प्रभावित होने से यात्रियों को परेशानी के साथ-साथ सुरक्षा को लेकर भी चिंता रहती है।


मामले की सूचना मिलने पर बस अड्डा अधिकारी और पुलिस मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने यात्रियों को समझाकर शांत कराया और बस को जल्द रवाना करने का आश्वासन दिया। इसके बाद स्थिति शांत हुई।

यात्रियों ने रोडवेज प्रशासन से मांग की कि निर्धारित टाइम-टेबल के अनुसार बसों का संचालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि रोजाना सफर करने वाले यात्रियों को इस प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

टिप्पणियाँ