पूर्व सैनिक गगन कुमार के मामले में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय का कड़ा संज्ञान: GMCH-32 के निदेशक को जांच एवं आवश्यक कार्रवाई के निर्देश
चंडीगढ़ / नई दिल्ली: गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (GMCH), सेक्टर-32, चंडीगढ़ में सुरक्षा सुपरवाइजर के रूप में कार्यरत पूर्व सैनिक गगन कुमार के साथ कथित तौर पर हुए पक्षपातपूर्ण और अनुचित व्यवहार के मामले में केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने सख्त रुख अपनाया है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री श्री जे.पी. नड्डा जी के निर्देश पर मंत्रालय ने GMCH-32 प्रशासन को मामले की गहन जांच करने और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के आधिकारिक आदेश जारी किए हैं।
हिमाचल प्रदेश के जिला हमीरपुर के मूल निवासी एवं देश सेवा कर चुके पूर्व सैनिक श्री गगन कुमार GMCH-32 में सिक्योरिटी सुपरवाइजर के पद पर सेवाएं दे रहे थे। अस्पताल के जॉइंट डायरेक्टर डॉ. अतुल ढाकने द्वारा उनके खिलाफ पक्षपातपूर्ण और अनुचित निर्णय लेने का मामला सामने आया था। इस अन्याय के विरुद्ध भाजपा प्रदेश सचिव एवं वर्ल्ड हिमाचली ऑर्गनाइजेशन के अध्यक्ष अमित राणा ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे.पी. नड्डा जी के समक्ष औपचारिक प्रतिवेदन सौंपते हुए निष्पक्ष जांच एवं न्याय की मांग उठाई थी।
केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय (हॉस्पिटल-II अनुभाग) ने पत्र संख्या U.24011/03/2026-H-II के तहत 9 अक्टूबर 2026 को डायरेक्टर प्रिंसिपल, GMCH-32 चंडीगढ़ को औपचारिक निर्देश जारी कर दिए हैं। मंत्रालय के अवर सचिव अनुराग तिवारी द्वारा जारी पत्र में GMCH-32 प्रबंधन को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि प्रतिवेदन की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाए और की गई कार्रवाई (Action Taken) की जानकारी सीधे शिकायतकर्ता एवं मंत्रालय को उपलब्ध कराई जाए।
इस संबंध में भाजपा प्रदेश सचिव अमित राणा ने कहा, "देश की सीमाओं की रक्षा करने वाले हमारे वीर पूर्व सैनिकों के सम्मान और अधिकारों के साथ किसी भी स्तर पर अन्याय या पक्षपात बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे.पी. नड्डा जी का इस मामले पर तुरंत संज्ञान लेना यह साबित करता है कि केंद्र सरकार पूर्व सैनिकों के कल्याण और स्वाभिमान की रक्षा के लिए पूरी तरह समर्पित और संवेदनशील है। हम इस मामले में आगे की पूरी प्रशासनिक कार्यवाही पर नजर बनाए रखेंगे ताकि पीड़ित पूर्व सैनिक को शीघ्र न्याय मिल सके।


टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें