हरियाणा में बेलगाम अफसरशाही और भ्रष्ट राजनेताओं का गठजोड़ जनता की गाढ़ी कमाई को लूट रहा है : राव नरेंद्र सिंह

*धान घोटाले से लेकर नगर निगम और सड़क निर्माण तक भ्रष्टाचार का बोलबाला, विकास परियोजनाओं में जानबूझकर देरी कर बढ़ाया जाता है बजट : राव नरेंद्र सिंह*

*आयुष्मान योजना में अनियमितताओं से जनता परेशान, गरीबों को नहीं मिल रहा इलाज का लाभ : राव नरेंद्र सिंह*

*वोट चोरी के जरिए सत्ता हासिल करने का आरोप, चुनावी प्रक्रिया की पारदर्शिता पर उठाए सवाल : राव नरेंद्र सिंह*

*राहुल गांधी के नेतृत्व में भ्रष्टाचार के खिलाफ जारी रहेगा संघर्ष, पुलिसिया दमन से कांग्रेस कार्यकर्ताओं का हौसला नहीं टूटेगा : राव नरेंद्र सिंह*

*कांग्रेस का संगठन जिला और ब्लॉक स्तर पर लगभग तैयार, मजबूती के साथ सरकार के खिलाफ मोर्चे पर डटे रहेंगे कार्यकर्ता : राव नरेंद्र सिंह*

चंडीगढ़: हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने एक मीडिया कॉन्क्लेव को संबोधित करते हुए प्रदेश की भाजपा सरकार पर भ्रष्टाचार, बेलगाम अफसरशाही और प्रशासनिक व्यवस्था में पारदर्शिता की कमी को लेकर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि हरियाणा में भ्रष्ट राजनेताओं और बेलगाम अफसरशाही के बीच ऐसा गठजोड़ बन चुका है, जो प्रदेश की जनता की गाढ़ी कमाई को लूटने में लगा हुआ है। प्रदेश में धान खरीद, नगर निगमों और सड़क निर्माण सहित विभिन्न क्षेत्रों में सामने आ रहे कथित घोटाले सरकार की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करते हैं।
राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि हरियाणा में भ्रष्टाचार ने चिंताजनक रूप ले लिया है। कहीं धान खरीद के नाम पर घोटाले हो रहे हैं, तो कहीं नगर निगमों में अनियमितताओं के आरोप सामने आ रहे हैं। सड़क निर्माण जैसी महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं में भी जनता के पैसे के दुरुपयोग की शिकायतें सामने आती रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कई विकास परियोजनाओं को जानबूझकर लटकाया जाता है, ताकि उनकी लागत और बजट में बढ़ोतरी की जा सके। इस पूरी प्रक्रिया में जनता की मेहनत की कमाई पर अनावश्यक बोझ पड़ता है और भ्रष्ट अधिकारियों तथा नेताओं को फायदा पहुंचता है।

*आयुष्मान योजना में अनियमितताओं पर उठाए सवाल*
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने आयुष्मान भारत योजना को लेकर भी गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि जिस योजना का उद्देश्य गरीब और जरूरतमंद परिवारों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाना है, उसका लाभ अनेक लोगों तक प्रभावी ढंग से नहीं पहुंच पा रहा। उन्होंने आरोप लगाया कि आयुष्मान कार्ड के नाम पर अनियमितताएं हो रही हैं और अस्पतालों में योजना के क्रियान्वयन को लेकर गंभीर शिकायतें सामने आ रही हैं। 

सरकार को इन मामलों की निष्पक्ष जांच करवाकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए, ताकि जरूरतमंद लोगों को समय पर इलाज मिल सके।

*वोट चोरी और चुनावी पारदर्शिता पर सरकार को घेरा*
राव नरेंद्र सिंह ने चुनावी प्रक्रिया की पारदर्शिता पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि वोट चोरी के जरिए सत्ता हासिल करने की कोशिशें लोकतंत्र की बुनियाद को कमजोर करती हैं। 

उन्होंने कहा कि जब संवैधानिक संस्थाओं की निष्पक्षता पर सवाल उठते हैं, तो चुनावी प्रक्रिया में जनता का विश्वास बनाए रखना और भी महत्वपूर्ण हो जाता है।

उन्होंने आरोप लगाया कि यदि चुनाव कराने वाली व्यवस्था के शीर्ष पदों पर बैठे लोगों की निष्पक्षता को लेकर ही सवाल हों, तो स्वतंत्र और पारदर्शी चुनाव सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी पर गंभीर प्रश्न खड़े होते हैं। लोकतंत्र में जनता का मत सर्वोपरि है और चुनावी प्रक्रिया ऐसी होनी चाहिए, जिस पर हर नागरिक को भरोसा हो।

*धार्मिक संस्थानों में नियुक्तियों और चंदे को लेकर भी उठाए सवाल*
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने मंदिरों में नियुक्तियों और चंदे के प्रबंधन को लेकर भी सवाल उठाए। 

उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ स्थानों पर अपने चहेते लोगों को नियुक्तियां देकर चंदे के दुरुपयोग का रास्ता बनाया जा रहा है। 

उन्होंने कहा कि धार्मिक संस्थानों से जुड़े मामलों में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करना जरूरी है, ताकि श्रद्धालुओं की आस्था और उनके योगदान का सम्मान बना रहे।

*दमनकारी कार्रवाई से नहीं रुकेगा कांग्रेस का आंदोलन*
राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि राहुल गांधी के नेतृत्व में भ्रष्टाचार और लोकतांत्रिक अधिकारों के मुद्दों को लेकर संघर्ष जारी है। 

उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार पुलिस और सुरक्षा बलों के माध्यम से विपक्ष की आवाज दबाने का प्रयास कर रही है। कांग्रेस नेताओं को नजरबंद करने और गिरफ्तार करने जैसी कार्रवाइयों का उद्देश्य आंदोलन को कमजोर करना है, लेकिन सरकार के ऐसे प्रयास सफल नहीं होंगे।

उन्होंने कहा कि हरियाणा में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के उत्साह और जोश में कोई कमी नहीं है। प्रदेशभर में पार्टी के कार्यकर्ता जनता के मुद्दों को लेकर सड़क पर उतर रहे हैं और सरकार की नीतियों के खिलाफ मजबूती से आवाज उठा रहे हैं। कांग्रेस लोकतांत्रिक तरीके से जनता के अधिकारों, संविधान और पारदर्शी शासन व्यवस्था की रक्षा के लिए अपना संघर्ष जारी रखेगी।
*जिला और ब्लॉक स्तर पर संगठन लगभग तैयार*
हरियाणा में कांग्रेस संगठन के गठन से जुड़े सवाल के जवाब में राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि प्रदेश में पार्टी का संगठनात्मक ढांचा लगभग तैयार हो चुका है। जिला स्तर के साथ-साथ ब्लॉक स्तर पर भी नियुक्तियां की जा चुकी हैं। संगठन को मजबूत बनाने की दिशा में लगातार काम किया जा रहा है, ताकि पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता जनता के बीच सक्रिय भूमिका निभा सके।
उन्होंने कहा कि मजबूत संगठन ही जनहित के मुद्दों पर प्रभावी संघर्ष की सबसे बड़ी ताकत है। हरियाणा कांग्रेस जिला और ब्लॉक स्तर से लेकर बूथ स्तर तक अपनी सक्रियता बढ़ाएगी और जनता की समस्याओं को प्रमुखता से उठाएगी। कांग्रेस कार्यकर्ता पूरी मजबूती के साथ सरकार के खिलाफ मोर्चे पर डटे रहेंगे, ताकि प्रदेश को भ्रष्टाचार से मुक्त कराया जा सके और आने वाले समय में जनता की ताकत से इस सरकार को सत्ता से बाहर किया जा सके।

टिप्पणियाँ