बल्लभगढ़ के सदर थाना क्षेत्र में सोतई गांव के रास्ते पर हुई मुठभेड़, मध्य प्रदेश का रहने वाला बताया जा रहा गिरोह
सोतई गांव जाने वाले रास्ते पर पुलिस ने की घेराबंदी
पुलिस के अनुसार, क्राइम ब्रांच सेक्टर-16 की टीम को एक ऐसे गिरोह के बारे में सूचना मिली थी, जो इलाके में चोरी और लूटपाट की वारदातों को अंजाम देता था। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने बल्लभगढ़ सदर थाना क्षेत्र में गांव सोतई की ओर जाने वाले रास्ते पर घेराबंदी की।
पुलिस का कहना है कि टीम को सामने देखकर आरोपियों ने फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दो बदमाशों को पैर में गोली लगी। दोनों घायलों को पुलिस ने अस्पताल पहुंचाया। घटनास्थल से गिरोह के पांच अन्य सदस्यों को भी गिरफ्तार किया गया।
दिन में करते थे घरों की रेकी, रात में वारदात
पुलिस के मुताबिक, गिरोह के सदस्य दिन के समय घरों की रेकी करते थे और फिर रात में मौका देखकर चोरी या लूटपाट की वारदातों को अंजाम देते थे।
आरोपियों पर घरों में लोगों की मौजूदगी का पता लगाने के लिए पत्थर फेंकने का तरीका अपनाने का भी आरोप है। यदि घर के अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलती थी, तो वे घर में घुसने की कोशिश करते थे। पुलिस अब इस तरीके से की गई संभावित वारदातों की जानकारी जुटा रही है।
मध्य प्रदेश का रहने वाला बताया जा रहा गिरोह
पुलिस के अनुसार, पकड़ा गया गिरोह मध्य प्रदेश का रहने वाला बताया जा रहा है। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ पहले भी चोरी सहित अन्य आपराधिक मामलों में केस दर्ज हैं।
फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है। जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि गिरोह ने फरीदाबाद और आसपास के इलाकों में कितनी वारदातों को अंजाम दिया है और इन घटनाओं में उसके अन्य सदस्यों की कोई भूमिका रही है या नहीं।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। पूछताछ के बाद चोरी और लूटपाट की अन्य घटनाओं के संबंध में और खुलासे होने की संभावना है।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें