ताजपोशी से पहले श्री आनंदपुर साहिब पहुंचे परगट सिंह, तख्त श्री केसगढ़ साहिब में टेका माथा

पंजाब की खुशहाली, शांति और सर्वहित के लिए की अरदास, पत्नी बरिंदर प्रीत कौर भी रहीं साथ

चंडीगढ़, 11 अक्टूबर 2026। पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के नवनियुक्त अध्यक्ष एवं विधायक परगट सिंह ने पार्टी अध्यक्ष का पदभार संभालने से पहले श्री आनंदपुर साहिब की पवित्र धरती पर माथा टेककर पंजाब की खुशहाली, शांति और सर्वहित के भले के लिए अरदास की। इस दौरान उनकी पत्नी बरिंदर प्रीत कौर भी उनके साथ मौजूद रहीं।

परगट सिंह ने अमृत वेले तख्त श्री केसगढ़ साहिब में नतमस्तक होकर गुरु साहिब के समक्ष पंजाब की तरक्की, प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और राज्य में शांति एवं सद्भाव बनाए रखने की प्रार्थना की।

पंजाब की सेवा और लोगों की उम्मीदों पर खरा उतरना प्राथमिकता

इस अवसर पर परगट सिंह ने पंजाब की एकता, भाईचारे और आपसी सद्भाव को और मजबूत करने की कामना की। उन्होंने कहा कि पंजाब की सेवा करना और प्रदेश के लोगों की उम्मीदों पर खरा उतरना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने वाहेगुरु से सभी को साथ लेकर चलने और पूरी निष्ठा से पंजाब की सेवा करने की शक्ति देने की अरदास की।

किसानों, मजदूरों और युवाओं की आवाज उठाने का संकल्प

परगट सिंह ने कहा कि कांग्रेस पार्टी का पंजाब की मिट्टी, गौरवशाली इतिहास और भाईचारे की परंपरा के साथ गहरा संबंध रहा है। पार्टी ने हमेशा पंजाब के अधिकारों की रक्षा करने तथा किसानों, मजदूरों, युवाओं और समाज के हर वर्ग की आवाज बुलंद करने का प्रयास किया है।

उन्होंने संकल्प व्यक्त किया कि वह पार्टी के सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं को साथ लेकर पंजाब की बेहतरी, लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा और प्रदेश के उज्ज्वल भविष्य के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम करेंगे।

परगट सिंह ने कहा कि पंजाब की तरक्की, लोगों की खुशहाली और सामाजिक एकता को मजबूत करना उनके प्रयासों का अहम हिस्सा रहेगा।


टिप्पणियाँ