“शोले फिल्म जैसा ड्रामा! 100 फीट टावर पर चढ़ा युवक, 22 घंटे से नीचे उतरने को तैयार नहीं”

शादी और तलाक की मांग को लेकर 100 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ा युवक, तकरीबन 22 घंटे से 24 घंटे से हाईवोल्टेज ड्रामा जारी


सफीदों के बहादुरगढ़ गांव में मचा हड़कंप, पत्नी ने पति के खिलाफ पुलिस को दी शिकायत; SDRF और पुलिस की टीम युवक को नीचे उतारने में जुटी

जींद/सफीदों :  जींद के सफीदों उपमंडल के गांव बहादुरगढ़ में एक युवक के मोबाइल टावर पर चढ़ने से हड़कंप मच गया। करीब 100 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ा 35 वर्षीय युवक सुनील पिछले करीब 22 घंटे से नीचे उतरने को तैयार नहीं है। युवक अपनी निजी जिंदगी से जुड़ी मांगों को लेकर टावर पर चढ़ा हुआ है। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस और SDRF की टीम मौके पर पहुंची और युवक को समझाकर सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास शुरू किए गए।

जानकारी के अनुसार, बहादुरगढ़ निवासी सुनील मजदूरी का काम करता है। युवक शादीशुदा है और बताया जा रहा है कि वह वर्तमान में एक अन्य महिला के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहा है। युवक की मांग है कि उसकी वर्तमान साथी के साथ शादी करवाई जाए और उसकी मौजूदा पत्नी से तलाक करवाया जाए। इसी मांग को लेकर वह मोबाइल टावर पर चढ़ गया।

*तकरीबन 22 से 24 घंटे से टावर पर बैठा युवक*

युवक के टावर पर चढ़ने की सूचना के बाद गांव में बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। पुलिस और SDRF की टीम ने युवक से लगातार बातचीत कर उसे नीचे उतरने के लिए समझाने का प्रयास किया, लेकिन युवक अपनी मांग पर अड़ा हुआ है।

SDRF हरियाणा पुलिस के SI विक्रम सिंह के अनुसार, सदर थाना सफीदों से सूचना मिलने के बाद SDRF की टीम मौके पर पहुंची। वहां करीब 35 वर्षीय सुनील को 100 फीट ऊंचे टावर पर पाया गया। टीम ने उसे काफी समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह किसी की बात मानने और नीचे उतरने के लिए तैयार नहीं हुआ। पिछले करीब 22 घंटे से युवक को समझाने का प्रयास जारी है।

*पत्नी पहुंची पुलिस थाने, पति के खिलाफ दी शिकायत*

मामले में नया मोड़ तब आया जब टावर पर चढ़े युवक की पत्नी पुलिस थाने पहुंची और अपने पति के खिलाफ शिकायत दी। डीएसपी सफीदों गौरव शर्मा के मुताबिक, पुलिस ने पत्नी की शिकायत के आधार पर कार्रवाई शुरू कर दी है।

डीएसपी ने बताया कि युवक की मांग थी कि जिस युवती के साथ वह प्रेम संबंध में रह रहा है, उसे मौके पर बुलाया जाए। पुलिस ने फोन के माध्यम से युवती से युवक की बात भी करवाने का प्रयास किया, लेकिन इसके बावजूद युवक टावर से नीचे उतरने के लिए तैयार नहीं हुआ।

पुलिस के मुताबिक, युवक के नीचे उतरने के बाद शिकायत के आधार पर उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

*कुछ दिन पहले भी टावर पर चढ़ चुका है युवक*

बताया जा रहा है कि सुनील पहले भी इसी तरह की मांग को लेकर मोबाइल टावर पर चढ़ चुका है। कुछ दिन पहले वह पास के गांव रत्ताखेड़ा में मोबाइल टावर पर चढ़ गया था। उस समय भी उसने शादी और तलाक से संबंधित मांगें रखी थीं। काफी समझाने के बाद पुलिस और ग्रामीणों ने उसे सुरक्षित नीचे उतारा था।

अब दोबारा बहादुरगढ़ गांव में टावर पर चढ़ने के बाद पूरे मामले की गांव में चर्चा हो रही है। ग्रामीणों का कहना है कि इस तरह टावर पर चढ़कर दबाव बनाने से गांव का माहौल प्रभावित हो रहा है और युवाओं पर भी इसका गलत प्रभाव पड़ सकता है।

*पुलिस और SDRF की टीम मौके पर*

फिलहाल पुलिस और SDRF की टीम मौके पर मौजूद है। युवक को सुरक्षित नीचे उतारने के लिए लगातार बातचीत की जा रही है। प्रशासन की प्राथमिकता युवक को बिना किसी नुकसान के सुरक्षित नीचे उतारना है। इसके बाद पुलिस शिकायत और पूरे मामले की परिस्थितियों के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।


Comments