IAS विवेक भाटिया को हिमाचली अंदाज में सम्मान, WHO दिल्ली टीम ने टोपी-शॉल और पौधा भेंट कर दी शुभकामनाएं
IAS विवेक भाटिया से मिली वर्ल्ड हिमाचली ऑर्गेनाइजेशन की टीम, नई जिम्मेदारी पर दी शुभकामनाएं
नई दिल्ली: वर्ल्ड हिमाचली ऑर्गेनाइजेशन (WHO), दिल्ली प्रदेश की टीम ने आज आईएएस अधिकारी विवेक भाटिया से मुलाकात कर उन्हें नई जिम्मेदारी मिलने पर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। विवेक भाटिया को हाल ही में युवा मामलों के विभाग (Department of Youth Affairs) में निदेशक नियुक्त किया गया है।
इस अवसर पर संगठन की टीम ने हिमाचली परंपरा और संस्कृति का परिचय देते हुए विवेक भाटिया को हिमाचली टोपी, शॉल और पटका भेंट कर सम्मानित किया। साथ ही पर्यावरण संरक्षण एवं हरियाली का संदेश देते हुए उन्हें पौधा भी भेंट किया गया।
बैठक के दौरान वर्ल्ड हिमाचली ऑर्गेनाइजेशन के प्रतिनिधियों को विवेक भाटिया के साथ हिमाचली समाज से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर आत्मीय एवं सार्थक चर्चा करने का अवसर मिला। इस दौरान हिमाचली समाज की आवश्यकताओं, जनहित से जुड़े मुद्दों तथा समुदाय के हित में किए जा सकने वाले कार्यों को लेकर विस्तारपूर्वक सकारात्मक विचार-विमर्श हुआ।
संगठन के प्रतिनिधियों ने हिमाचली समाज से जुड़े विभिन्न सुझाव एवं जनहित के विषय अधिकारी के समक्ष रखे। इस पर विवेक भाटिया ने इन विषयों को पूरी निष्ठा, प्राथमिकता और सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ आगे बढ़ाने का आश्वासन दिया।
इस महत्वपूर्ण बैठक में वर्ल्ड हिमाचली ऑर्गेनाइजेशन, दिल्ली प्रदेश के अध्यक्ष मनोज डोगरा, उपाध्यक्ष नरेश ठाकुर, उपाध्यक्ष अजीत चौहान, महासचिव अमित कुमार शर्मा तथा कार्यालय सचिव ललित डोगरा की गरिमामयी उपस्थिति रही।
वर्ल्ड हिमाचली ऑर्गेनाइजेशन की टीम ने विश्वास जताया कि विवेक भाटिया की नई जिम्मेदारी के माध्यम से युवा मामलों से जुड़े क्षेत्र में सकारात्मक पहल को और मजबूती मिलेगी तथा हिमाचली समाज से जुड़े जनहित के विषयों को भी उचित मंच मिलेगा।
Comments
Post a Comment