हरियाणा के पूर्व मंत्री जसविंदर सिंह संधू के बेटे गगनजोत संधू ने की आत्महत्या, फार्म हाउस में मिला शव

रोपड़: हरियाणा के पूर्व कृषि मंत्री और पिहोवा से चार बार विधायक रहे स्वर्गीय जसविंदर सिंह संधू के बेटे गगनजोत संधू ने शुक्रवार को आत्महत्या कर ली। घटना पंजाब के रोपड़ जिले के पखराली गांव स्थित उनके फार्म हाउस की है।

जानकारी के अनुसार, गगनजोत संधू शुक्रवार सुबह ही रोपड़ पहुंचे थे और उस समय फार्म हाउस पर वह अकेले थे। बाद में फार्म हाउस में उन्होंने खुद को गोली मार ली। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची।

मामले की जांच के लिए फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को रोपड़ के सरकारी अस्पताल भेज दिया है। पोस्टमॉर्टम शनिवार को कराया जाएगा।

पुलिस कर रही मामले की जांच

रोपड़ सदर थाना के SHO सन्नी खन्ना ने बताया कि फिलहाल मामले की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना से जुड़ी विस्तृत जानकारी सामने आ सकेगी।

पुलिस घटना के कारणों और अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। फिलहाल आत्महत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है।


दो बार सरपंच रह चुके थे गगनजोत

गगनजोत संधू कुरुक्षेत्र के गुमथला गढ़ू गांव से दो बार सरपंच रह चुके थे। उनके पिता जसविंदर सिंह संधू पिहोवा विधानसभा क्षेत्र से चार बार विधायक रहे थे और ओपी चौटाला सरकार में उन्हें कृषि मंत्री की जिम्मेदारी मिली थी।

जसविंदर सिंह संधू का वर्ष 2019 में लीवर कैंसर के चलते निधन हो गया था। उनके बेटे गगनजोत संधू की मौत की खबर से परिवार और क्षेत्र में शोक की लहर है।

Comments